उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, नई कार खरीदकर लौट रहे शिक्षक की मौत..
उत्तराखंड: प्रदेश में लगातार सड़क हादसों की खबर सामने आ रही हैं। यह पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं आये दिन कही न कही से हादसे की खबर सामने आ जाती हैं। ऐसी ही एक भयावह सड़क हादसे की खबर ऊधमसिंहनगर के नानकमत्ता से सामने आ रही हैं। जहां चंपावत निवासी एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने के लिए हल्द्वानी गए थे।
दिनभर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों नई कार लेकर रात में वापस चंपावत लौट रहे थे। इसी दौरान नानकमत्ता क्षेत्र के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। हालांकि उन्हें भी चोटें आने की सूचना है। मिली जानकारी के अनुसार चंपावत जिले के माडली गांव निवासी संजय पांडे (41) पुत्र भुवन पांडे राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे।
बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर वाहन में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार एक व्यक्ति की मौत होने की भी जानकारी सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा गया है। शिक्षक संजय पांडे अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बच्चे, माता-पिता और दादी हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव और शिक्षा जगत में भी शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि संजय पांडे केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि भजन गायकी से भी जुड़े हुए थे। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में थी। उनके निधन की खबर से स्थानीय लोगों, छात्रों और शिक्षकों में गहरा दुख है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।