उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा में स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत, 200 कर्मी और 12 एंबुलेंस रहेंगी मुस्तैद..

केदारनाथ यात्रा में स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत, 200 कर्मी और 12 एंबुलेंस रहेंगी मुस्तैद..

 

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए गौरीकुंड से केदारपुरी तक पूरे पैदल मार्ग पर मजबूत चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों सोनप्रयाग, भीमबली, जंगलचट्टी और लिनचोली में मेडिकल राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ गौरीकुंड और केदारनाथ में स्वास्थ्य केंद्र भी सक्रिय रहेंगे, जहां 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस बार करीब 200 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात की गई है, जिसमें 30 चिकित्सक, 25 फार्मासिस्ट और 30 से अधिक नर्सिंग व सहायक स्टाफ शामिल हैं। सभी को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि हर पड़ाव पर तुरंत इलाज मिल सके। यात्रियों की सुरक्षा के लिए थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी की गई है।

आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए यात्रा मार्ग पर 12 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर और पोर्टेबल ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे ऊंचाई पर होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से तुरंत राहत मिल सके। खास बात यह है कि सोनप्रयाग से केदारनाथ तक हर दो किलोमीटर पर मेडिकल राहत पोस्ट (एमआरपी) बनाई गई है। इन केंद्रों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग के साथ-साथ तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी और फाटा के स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों सोनप्रयाग, चौरी, चिरबासा, जंगल चट्टी, भीमबली, रामबाड़ा, छोटी लिनचोली, बड़ी लिनचोली, भैरव ग्लेशियर, रुद्रा पॉइंट और बेस कैंप पर एमआरपी सेंटर सक्रिय रहेंगे।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस वर्ष चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि हर तीर्थयात्री और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों और अन्य जनपदों से अतिरिक्त डॉक्टर भी तैनात किए गए हैं। कुल मिलाकर इस बार केदारनाथ यात्रा में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित नजर आ रही हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और निश्चिंत होकर अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top