देहरादून। गढ़ रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी अस्पताल में जंग जीतकर घर लौट आए हैं। मैक्स अस्पताल में दस दिनों तक चले इलाज के बाद लोकगायक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनके स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद प्रशंसकों को ख़ुशी का ठिकाना नहीं है।
लोक गायक पिछले दस दिन से मैक्स अस्पताल में उपचाराधीन थे। उन्हें हार्ट अटैक के बाद पहले सीएमआइ फिर मैक्स अस्पताल में भर्ती किया गया। यहाँ नेगी दा ज़िंदगी से जंग जीत गए। आज सुबह डाक्टरों ने नेगीदा की रूटीन जांच की और शाम को तीन बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्हें एक हफ्ते बाद फिर से जांच के लिए बुलाया गया है। मसूरी डायवर्जन स्थित मैक्स अस्पताल से नेगीदा को डिस्चार्ज करने की कोई पूर्व सूचना नहीं थी। सुबह उनकी रूटीन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज करने का निर्णय ले लिया था। पत्नी उषा नेगी, बेटे कविलास को अस्पताल प्रशासन की ओर से दोपहर बाद इसकी सूचना दी गई कि अब वह उन्हें घर ले जा सकते हैं। इससे पहले दोपहर को हल्का भोजन उन्होंने अस्पताल में ही लिया।