उत्तराखंड

अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह, रुड़की में शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा..

अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह, रुड़की में शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा..

 

 

 

उत्तराखंड: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा रुड़की पहुंच रहे हैं। बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर में सोमवार से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई। भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रुड़की में 5 से 23 अक्टूबर तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। सोमवार को पवेलियन ग्राउंड में अभ्यर्थियों की दौड़ के साथ चयन प्रक्रिया की शुरुआत हुई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटा गया। प्रत्येक समूह में करीब 50 युवाओं को दौड़ में शामिल किया गया। अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का आकलन दौड़ पूरी करने में लगे समय के आधार पर किया गया। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण भी कराए गए। भर्ती स्थल पर पहुंचने से पहले अभ्यर्थियों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। सेना की ओर से पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है।

रोजाना एक हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया में प्रतिदिन एक हजार से अधिक युवा शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से ठहरने, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। आवाजाही को आसान बनाने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है।अभ्यर्थियों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जा रही है। प्रशासन की ओर से युवाओं से अनुशासन बनाए रखने और भर्ती प्रक्रिया में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की गई है।

हिमाचल से लेकर राजस्थान तक पहुंचे युवा
अग्निवीर भर्ती में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रुड़की पहुंचे हैं। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई क्षेत्रों से आए युवाओं ने भर्ती में हिस्सा लिया। कई अभ्यर्थी सुबह ही बस और ट्रेन के जरिए रुड़की पहुंच गए थे। मैदान में प्रवेश का समय दोपहर बाद होने के चलते युवाओं ने एसडीएम चौक के पास प्रशासन की ओर से लगाए गए टेंट में कुछ समय आराम किया। अभ्यर्थियों का कहना था कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना उनका लक्ष्य है और इसी उम्मीद के साथ वे लंबा सफर तय कर रुड़की पहुंचे हैं। भर्ती स्थल के आसपास सुबह से ही युवाओं की आवाजाही बनी रही। प्रशासन की ओर से युवाओं को यह संदेश भी दिया गया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी कारण चयन नहीं होने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन पर काम करें। आगे होने वाली भर्तियों के लिए बेहतर तैयारी के साथ दोबारा प्रयास करने की सलाह दी गई है। 23 अक्टूबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण किए जाएंगे।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top