उत्तराखंड में विकास योजनाओं को मिली रफ्तार..
विभिन्न कार्यों के लिए 3.53 करोड़ रुपये मंजूर..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन फैसलों के तहत ईको टास्क फोर्स की नर्सरियों में सिंचाई व्यवस्था विकसित करने से लेकर सड़क निर्माण, जनमिलन केंद्र, घंटाघर और मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। सीएम ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जरूरतों को देखते हुए कई प्रस्तावों को वित्तीय मंजूरी दी है। ईको टास्क फोर्स की कुल 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें पौड़ी जिले की एक नर्सरी के लिए 14.53 लाख रुपये और देहरादून जिले की नौ नर्सरियों के लिए 63.97 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इससे पौधों के रखरखाव और नर्सरियों में सिंचाई की सुविधा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के जौनसार-बावर स्थित सुद्धोवाला में जनमिलन केंद्र के निर्माण के लिए शेष 40 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
अठूरवाला में बनेगा घंटाघर, सड़क निर्माण को भी मंजूरी
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर के निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में 58.07 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके अलावा ग्राम माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर सहित आसपास के घरों तक करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 1.37 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। पहली किश्त के तौर पर 81.97 लाख रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये
ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में अंजनिया स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर और खूनी गांव तक सड़क निर्माण के पहले चरण के लिए 92.32 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए पहली किश्त में 55.39 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
चंपावत में भगवती मेला स्थल का होगा विकास
चंपावत जिले की चंपावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पचनई में भगवती मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बुनियादी सुविधाओं, धार्मिक स्थलों और स्थानीय सार्वजनिक परिसंपत्तियों के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

