Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

संविदा पर होगी जिला चिकित्सालय में कर्मियों की तैनाती

संविदा पर होगी जिला चिकित्सालय में कर्मियों की तैनाती , ट्रामा सेंटर की भी जल्द मिलेगी सुविधा , पांच बैड का आईसीयू सेंटर व डायलिसिस यूनिट भी होगा स्थापित

रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी को पूरा कर लिया गया है। चिकित्सालय में अभी भी महत्वपूर्ण फिजीशियन का पद रिक्त चल रहा है तो नर्सिंग स्टाॅफ की पूर्ति करने को लेकर प्रशासन अब यहां संविदा के आधार पर स्टाफ नर्स व कक्ष सेवकों की स्वयं तैनाती करने जा रहा है। यही नहीं जिला मुख्यालय पर ट्रामा सेंटर भी जल्दी कार्य करना शुरु कर देगा। यहां पांच बैड का आईसीयू सेंटर व डायलिसिस यूनिट भी स्थापित होने जा रही है।

रुद्रप्रयाग व चमोली जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को संभाले रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में चारधाम यात्रा का भारी दबाव रहता है। ऐसे में यहां डाॅक्टरों की कमी के चलते अस्पताल महज रैफर सेंटर बना रहता था, मगर अब अस्पताल में फिजीशियन को छोड़कर सभी महत्वपूर्ण विभागों में डाॅक्टरों की तैनाती हो गयी है। जिससे यहां आने वाले मरीजों को अब ईलाज के लिए बाहरी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पडे़गा।
अस्पताल में सबसे ज्यादा दबाव सामान्य बीमारियों का रहता है। फिजीशियन के अभाव में एक चिकित्सक यहां प्रतिदिन दो से ढाई सौ मरीजों को देख रहे हैं। चिकित्सक डाॅ राजीव गैरोला ने कहा कि फिजीशियन की तैनाती होती है तो दबाव कुछ कम होगा और मरीजों का ईलाज और भी अच्छे तरीके से हो पायेगा। अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ दिनेश चन्द्र सेमवाल का कहना है जिला अस्पताल में मानकों के अनुसार चिकित्सक अभी तैनात हैं और शीघ्र ही फिजीशियन की भी तैनाती कर दी जायेगी। कहा कि आईसीयू व डायलिसिस की यूनिट भी जल्द ही अस्तित्व में आ जायेगी।

जिलाधिकारी व जिला अस्पताल प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष मंगेश घिल्डियाल की माने तो चिकित्सकों की तैनाती के बाद अब पैरा मेडिकल स्टाॅफ की तैनाती भी की जायेगी। शासन को इस संबंध में पत्राचार किया गया है। जल्द ही पैरा मेडिकल स्टाफ नहीं मिलता है तो व्यवस्थाओं को बनाने के लिए प्रबन्धन समिति अपने संसाधनों पर कक्ष सेवक व सेविकाओं की तैनाती करेगी।

बहरहाल, ट्रामा सेन्टर के स्थापित हो जाने से मरीजों को अब गम्भीर बीमारियों में भी उपचार के लिए भटकना नहीं पडेगा। साथ ही आकस्मिक सेवाओं के लिए जिला अस्पताल में पूरी व्यवस्थायें भी जुटा ली गयी हैं। शीघ्र ही जिला अस्पताल एक हाईटेक सुविधाओं युक्त अस्पताल में तब्दील हो जायेगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top