उत्तराखंड

तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गोलीकांड, युवक की हत्या से दहला देहरादून..

तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गोलीकांड, युवक की हत्या से दहला देहरादून..

 

 

 

 

उत्तराखंड: राजधानी देहरादून के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र तिब्बती मार्केट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने न केवल बाजार में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि पूरे शहर में दहशत का माहौल बना दिया। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखने को मिल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और अचानक एक युवक को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी दुकानों के शटर गिराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा(40 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। घटना के समय वे अपनी कार में बैठे हुए थे, तभी तेजी से आए हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पहले ही अपने बेटे को जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शहर के विभिन्न चेक पोस्टों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी आपराधिक एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है, जिनके आधार पर पुलिस टीमें संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top