टिहरी में चार दिवसीय लेक फेस्टिवल का सीएम धामी ने किया शुभारंभ..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी जनपद में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित टिहरी झील महोत्सव का गुरुवार को कोटी कॉलोनी में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर इस चार दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन किया। 6 मार्च से शुरू हुआ यह महोत्सव 9 मार्च तक चलेगा, जिसमें पर्यटन, रोमांचक खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राज्य सरकार का मानना है कि टिहरी झील महोत्सव प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। महोत्सव के आयोजन के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पर्यटकों व प्रतिभागियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में एडवेंचर और मनोरंजन से भरपूर कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसमें ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी रोमांचक साहसिक गतिविधियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जो उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को दर्शाएगी। महोत्सव के दौरान कई रचनात्मक और मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इनमें मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, ग्रुप फैशन शो और ‘मिस्टर एंड मिस टिहरी’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। साथ ही युवाओं के लिए रैप सिंगिंग प्रतियोगिता और जल क्रीड़ाओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।
आयोजकों के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अधिकतम एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पांच-पांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। महोत्सव का उद्देश्य टिहरी झील को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है।
प्राकृतिक सुंदरता से घिरी टिहरी झील एडवेंचर पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं रखती है और ऐसे आयोजनों से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। होटल, होमस्टे, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। टिहरी झील महोत्सव के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है और बड़ी संख्या में पर्यटक तथा स्थानीय लोग इस आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में यहां विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों का रोमांच भी देखने को मिलेगा।