उत्तराखंड

AI और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई होगी शुरू, 90 सीटों पर दाखिले की तैयारी..

AI और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई होगी शुरू, 90 सीटों पर दाखिले की तैयारी..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी जिले में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। नरेंद्रनगर के राजकीय पॉलिटेक्निक को उच्चीकृत कर एकीकृत इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संस्थान के रूप में विकसित किया गया है। यहां इसी शैक्षणिक सत्र से बीटेक के दो नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। संस्थान में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की 60 और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। यानी दोनों पाठ्यक्रमों में कुल 90 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नरेंद्रनगर स्थित संस्थान को तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस के तौर पर संचालित किया जाएगा। शुरुआती चरण में संस्थान के लिए जरूरी आधारभूत ढांचे के विकास का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। संस्थान में मानकों के अनुरूप कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। इससे छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की तैयारी है।

18 शिक्षण और 6 गैर-शिक्षण पदों को मंजूरी..
बीटेक पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ की व्यवस्था भी की जा रही है। सरकार ने 18 शिक्षण पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इनमें दो प्रोफेसर, चार एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं। इसके साथ ही संस्थान के संचालन के लिए छह गैर-शिक्षण पद भी स्वीकृत किए गए हैं। इससे नए पाठ्यक्रमों के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि संस्थान में इसी सत्र से इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि इससे नरेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही आधुनिक एवं रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। खास तौर पर कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने से युवाओं के लिए करियर के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। नरेंद्रनगर को शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में इस संस्थान को अहम कदम माना जा रहा है। आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रमों की शुरुआत से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ भविष्य के रोजगार और उद्यमिता के अवसरों के लिए भी तैयार किया जा सकेगा। संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद की स्वीकृति और विश्वविद्यालय की अनुमति मिलने के बाद शुरू होगी। प्रवेश संबंधित शैक्षणिक सत्र के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार कराया जाएगा।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top