उत्तराखंड

चारधाम यात्रा हुई हाईटेक, एलईडी स्क्रीन पर मिलेगी मौसम और सड़क की रीयल टाइम अपडेट..

चारधाम यात्रा हुई हाईटेक, एलईडी स्क्रीन पर मिलेगी मौसम और सड़क की रीयल टाइम अपडेट..

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार एक नई तकनीकी पहल करने जा रही है। बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भद्रकाली और मलेथा (श्रीनगर) में अत्याधुनिक एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन स्थापित की जा रही हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को मौसम, सड़क की स्थिति, मार्ग बंद होने, वैकल्पिक रास्तों और प्रशासन की जरूरी सूचनाएं रीयल टाइम में उपलब्ध कराई जाएंगी। करीब 68 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का जिम्मा लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिकी खंड, ऋषिकेश को सौंपा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार एलईडी स्क्रीन (16×10 फीट) लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चयनित एजेंसी के साथ अनुबंध भी किया जा चुका है। निर्माण सामग्री जल्द ही कार्यस्थलों पर पहुंचने लगेगी और इसी महीने के अंत तक दोनों स्थानों पर स्क्रीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बरसात के मौसम में बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, चट्टान गिरने और खराब मौसम के चलते अक्सर यातायात प्रभावित होता है। कई बार श्रद्धालु बिना ताजा जानकारी के आगे बढ़ जाते हैं, जिससे उन्हें लंबे जाम या बंद मार्ग जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई एलईडी स्क्रीन पर मौसम संबंधी अलर्ट, सड़क बंद होने की सूचना, ट्रैफिक अपडेट और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देश तत्काल प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि यात्री समय रहते अपनी यात्रा की योजना बदल सकें।अधिकारियों का मानना है कि रीयल टाइम सूचना प्रणाली लागू होने से यात्रा मार्ग पर अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति कम होगी। साथ ही किसी भी आपदा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में प्रशासन की महत्वपूर्ण सलाह सीधे यात्रियों तक पहुंच सकेगी, जिससे चारधाम यात्रा और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगी।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top