Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

हैरानी की बात लिखित परीक्षा में मिले 5 अंक, लेकिन मौखिक में आए 25 अंक…

हैरानी की बात लिखित परीक्षा में मिले 5 अंक, लेकिन मौखिक में आए 25 अंक

देहरादून : स्कूल के स्तर पर हुई मौखिक परीक्षा में 25 अंक और बोर्ड के स्तर से हुई लिखित परीक्षा में महज पांच अंक। इस गड़बड़ी को पकड़ने के बाद देहरादून सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय ने 699 स्कूलों को पत्र भेजकर चेताया है। क्षेत्रीय कार्यालय ने साफ कर दिया है कि इस बार से मूल्यांकन सही किया जाए ताकि सही छात्र को सही अंक मिल सकें।

दरअसल, गत वर्ष हुई परीक्षाओं का विश्लेषण किया गया तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। इसमें सबसे मुख्य बात है लिखित और मौखिक परीक्षाओं के अंकों में तालमेल न होना। 699 स्कूलों में ऐसे छात्र सामने आए, जिनके मौखिक परीक्षाओं में तो 30 में से 26 से 28 अंक थे लेकिन लिखित परीक्षा में महज तीन से पांच अंक हासिल किए थे।

ऐसे सभी स्कूलों को चिन्हित कर सीबीएसई ने चेतावनी पत्र जारी किए हैं। सीबीएसई के मुताबिक इस बार परीक्षाओं में सभी छात्रों को स्कूल के स्तर पर मौखिक परीक्षा का मूल्यांकन सही होना चाहिए, ताकि लिखित परीक्षा और मौखिक परीक्षा के अंक बेमेल न हों। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि अगर गड़बड़ी की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सेटिंगबाज स्कूलों पर कसी लगाम

सीबीएसई देहरादून ने उन सभी स्कूलों का धंधा भी चौपट कर दिया है जो कि हर साल बाहरी छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं में बैठा देते थे। तमाम ऐसे भी स्कूल थे जो कि दूसरी जगहों से फेल होकर आने वाले छात्रों को नई कक्षा में दाखिला दे देते थे। बोर्ड की पकड़ में इस साल जो भी मामले आए हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की गई है।

रणबीर सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई देहरादून हमने स्कूलों के रिजल्ट का विश्लेषण किया तो पता चला कि छात्र के लिखित परीक्षा में बेहद कम अंक हैं और मौखिक परीक्षा में 90 प्रतिशत से ऊपर अंक हैं। ऐसे सभी स्कूलों को चेतावनी जारी की गई है। भविष्य में मूल्यांकन पर बारीक नजर रखी जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top