उत्तराखंड में 10 अफसरों के तबादले, नैनीताल-अल्मोड़ा को मिले नए जिलाधिकारी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शुक्रवार देर रात जारी आदेश में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों सहित कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल को शासन में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अल्मोड़ा के डीएम अंशुल सिंह को नैनीताल भेजा गया है। जारी आदेश के अनुसार, ललित मोहन रयाल को अपर सचिव कार्मिक के साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह अब नैनीताल के नए डीएम होंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस निधि यादव के विभागों में भी बदलाव किया गया है। उनसे कृषि विभाग की जिम्मेदारी वापस लेते हुए अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण का दायित्व सौंपा गया है।
देहरादून और हरिद्वार में भी बदले अधिकारी
तबादला सूची में देहरादून और हरिद्वार के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। देहरादून में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा को हरिद्वार का एडीएम बनाया गया है। वहीं, हरिद्वार में तैनात पीसीएस अधिकारी पंकज उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी के साथ एडीएम हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। हरिद्वार के एडीएम वैभव गुप्ता को देहरादून स्थानांतरित किया गया है। अब वह देहरादून में अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एसडीएम स्तर पर भी तबादले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत उपजिलाधिकारी स्तर पर भी बदलाव किया गया है। अल्मोड़ा में तैनात एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल भेजा गया है। वहीं, नैनीताल में तैनात एसडीएम सुधीर कुमार को अल्मोड़ा स्थानांतरित किया गया है। शासन के इस फैसले से प्रदेश में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नई तैनातियां हुई हैं।

