Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर, वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा 28 साल हुई..

धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर, वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा 28 साल हुई..

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कर्मचारियों के कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था, आबकारी और खनन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए। वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने से लेकर चीनी मिलों को बैंक गारंटी देने तक कई फैसले लिए गए हैं।

सफाई कर्मचारी आयोग में बढ़ेगा उपाध्यक्ष का एक पद
कैबिनेट ने सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक अतिरिक्त पद को स्वीकृति प्रदान की है। वहीं, श्रम विभाग के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष गठित किया जाएगा। इस कोष के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के कल्याण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
राज्य की चीनी मिलों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े एक अन्य फैसले में उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को स्वीकृति प्रदान की गई।

आबकारी विभाग में सृजित होंगे 11 नए पद
मंत्रिमंडल ने आबकारी विभाग के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इसके तहत उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद बनाए जाएंगे। सेतु आयोग में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से संबंधित पदों को भी स्वीकृति दी गई है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

खनन फाउंडेशन की शुल्क दर 5 से बढ़कर 15 प्रतिशत
खनन विभाग से जुड़े फैसले में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर में संशोधन किया गया है। इसे मौजूदा पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि, खनन की रॉयल्टी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित की गई है। समिति अपनी सिफारिशें देगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

वन आरक्षी भर्ती में उम्र सीमा को मिली छूट
युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले में वन आरक्षी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाई गई है। अब 31 दिसंबर 2028 तक अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष के स्थान पर 28 वर्ष रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं और अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी
कैबिनेट ने उत्तराखंड की ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी है। इसके साथ ही राज्य में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का फैसला लिया गया। बैठक में पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कुल मिलाकर मंत्रिमंडल के इन फैसलों में श्रमिक कल्याण, प्रशासनिक व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं और विभागीय ढांचे से जुड़े कई विषय शामिल रहे।

 

 

To Top