Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

पांच साल में बदली उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था..

पांच साल में बदली उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था..

मदरसा बोर्ड समाप्त कर बनाया अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों के दौरान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लेकर उच्च शिक्षा के संस्थानों की संख्या बढ़ाने तक कई स्तरों पर काम किया गया है। इसी कड़ी में अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव, राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने जैसी पहल भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। सरकार ने अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की स्थापना की। इसके साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले 245 मदरसों को अवैध मानते हुए सील किया गया। नई व्यवस्था के तहत अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को भी मुख्यधारा की शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में उत्तराखंड सबसे आगे
शिक्षा सुधारों के तहत उत्तराखंड ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में देश में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया। सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई, ताकि छात्र डिजिटल शिक्षा से जुड़ सकें।

स्कूलों और उच्च शिक्षा संस्थानों का हुआ विस्तार
स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय शुरू किए गए हैं। वहीं, केंद्र सरकार की पीएम श्री योजना के तहत 281 विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्थानों की संख्या में विस्तार हुआ है। प्रदेश में डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 139 हो गई है, जबकि सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की कुल संख्या 52 तक पहुंच गई है।

20 हजार विद्यार्थियों को मिला मेधावी योजना का लाभ
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत अब तक 20 हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक और शैक्षणिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है।

पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मिली जगह
आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। इसी के तहत पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल किया गया और विद्यालयों में गीता के श्लोकों के पाठ की शुरुआत की गई। कुल मिलाकर, प्रदेश सरकार ने बीते पांच वर्षों में स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और पाठ्यक्रम में बदलाव के जरिए शिक्षा व्यवस्था के विस्तार और सुधार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

 

To Top