चुनाव से पहले धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड..
महिला सशक्तीकरण से किसान कल्याण तक इन योजनाओं पर फोकस..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी और भाजपा ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। हरिद्वार बाईपास स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और योजनाओं का ब्योरा जनता के सामने रखा। रिपोर्ट कार्ड में महिला सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार, सांस्कृतिक पहचान और जमीन की सुरक्षा, सामाजिक कल्याण तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
महिलाओं के लिए आरक्षण और आर्थिक सहायता पर जोर
सरकार ने महिला कल्याण के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। लखपति दीदी योजना के तहत 3.5 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का दावा किया गया है। वहीं, बैंणी-भुली योजना के जरिए पांच लाख महिलाओं के खातों में प्रोत्साहन राशि पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने, नंदा गौरा योजना के अंतर्गत तीन लाख बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए 968 करोड़ रुपये की सहायता और करीब 2.5 लाख एकल महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये पेंशन देने का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि 31 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किए जाने और परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को मुखिया का दर्जा देने को भी अहम कदम बताया गया।
युवाओं के लिए रोजगार और नकल विरोधी कानून को बताया बड़ी उपलब्धि
युवाओं के मुद्दे पर सरकार ने नकल विरोधी कानून 2023 को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया है। इस कानून में परीक्षा में अनुचित गतिविधियों में शामिल दोषियों के लिए आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। सरकार के मुताबिक, कानून के तहत अब तक 100 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। रिपोर्ट कार्ड में दावा किया गया है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके साथ ही 20 हजार नए लघु उद्योग स्थापित होने से 1.1 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। सरकार ने बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आने और प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या शून्य से बढ़कर 1,750 होने की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से 3,500 लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया गया है।
यूसीसी और सख्त भू-कानून को बताया सांस्कृतिक सुरक्षा का आधार
राज्य की सांस्कृतिक पहचान और भौगोलिक विरासत के संरक्षण को लेकर भी सरकार ने कई फैसलों का जिक्र किया। रिपोर्ट में उत्तराखंड को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बताया गया है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि भूमि को सुरक्षित रखने के लिए सख्त भू-कानून लागू करने को महत्वपूर्ण कदम बताया गया। सरकार के अनुसार, बाहरी लोगों द्वारा कृषि भूमि खरीदने पर रोक लगाने के साथ ही 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। धर्मांतरण विरोधी कानून को भी प्रदेश की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान की सुरक्षा से जोड़कर पेश किया गया है।
गरीबों और बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं
सामाजिक कल्याण के मोर्चे पर सरकार ने अंत्योदय परिवारों और बुजुर्गों के लिए संचालित योजनाओं को प्रमुखता दी है। रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, करीब दो लाख अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन रसोई गैस सिलिंडर मुफ्त उपलब्ध कराए गए हैं। पेंशन व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब पात्र बुजुर्ग पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग 1,500 रुपये मासिक पेंशन देने की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अटल आयुष्मान योजना का उल्लेख करते हुए सरकार ने दावा किया कि इसके माध्यम से 63 लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिली है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए एमएसपी और सब्सिडी पर फोकस
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार ने किसानों को दी जा रही आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन योजनाओं का विवरण दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्र में उत्पादित मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से उत्पादकों को छह करोड़ रुपये तक की आय होने की बात कही गई है। इसके अलावा सेब की खेती पर 70 से 80 प्रतिशत सब्सिडी, पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट और 80 प्रतिशत तक अनुदान देने की योजना को भी उपलब्धियों में शामिल किया गया है। गेहूं की खरीद पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 20 रुपये प्रति क्विंटल बोनस और 53 हजार डेयरी किसानों को दूध पर चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि देने का भी जिक्र किया गया है। कुल मिलाकर, धामी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल को महिला कल्याण, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण और कृषि विकास के मुद्दों पर केंद्रित बताते हुए इन योजनाओं को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में सामने रखा है।

