उत्तराखंड के सिनेमा को नई उड़ान देने की तैयारी, देहरादून में शुरू हुआ केमसोर स्टूडियोज..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाने की दिशा में अभिनेता देव रतूड़ी ने पहल की है। चीनी फिल्मों में अभिनय के जरिए पहचान बनाने वाले देव रतूड़ी ने अब अपने गृह प्रदेश में फिल्म निर्माण की शुरुआत की है। इसके लिए उन्होंने देहरादून में केमसोर स्टूडियोज नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस स्थापित किया है। 25 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में स्टूडियो का विधिवत उद्घाटन किया गया। नए प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले पहली फिल्म ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ बनाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। इस फिल्म का निर्देशन अनुज जोशी कर रहे हैं। फिल्म की कहानी वर्ष 1994 में हुए रामपुर तिराहा कांड और इसके बाद उत्तराखंड के पिछले 32 वर्षों के सफर पर आधारित होगी। इसके जरिए प्रदेश के इतिहास, संघर्ष और सामाजिक बदलावों को पर्दे पर दिखाने का प्रयास किया जाएगा।
देव रतूड़ी का कहना है कि केमसोर स्टूडियोज का उद्देश्य केवल फिल्में बनाना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी है। प्रोडक्शन हाउस के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को अभिनय और फिल्म निर्माण से जुड़ा प्रशिक्षण देने की योजना है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे। स्टूडियो की योजना उत्तराखंड की स्थानीय भाषाओं में फिल्मों का निर्माण करने की भी है। इसके अलावा यहां म्यूजिक प्रोडक्शन और वेब सीरीज बनाने पर भी काम किया जाएगा। इस पहल से गढ़वाली, कुमाऊंनी समेत प्रदेश की अन्य क्षेत्रीय भाषाओं और संस्कृति को बड़े पर्दे तक पहुंचाने का रास्ता खुल सकता है।
अपने गांव के नाम पर रखा प्रोडक्शन हाउस का नाम
देव रतूड़ी ने अपने प्रोडक्शन हाउस का नाम अपने गांव से जोड़कर रखा है। केमसोर नाम उनके गांव केमरिया सौड़ के नाम को मिलाकर तैयार किया गया है। इसके जरिए उन्होंने अपनी जड़ों और जन्मभूमि से जुड़े रहने का संदेश दिया है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में काम करने के बाद अब अपने प्रदेश में फिल्म निर्माण की शुरुआत करना उनके लिए एक नई पारी की तरह है। केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत को उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा के विस्तार की दिशा में एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है। यदि स्थानीय कलाकारों को प्रशिक्षण और फिल्मों में काम के अवसर मिलते हैं, तो इससे प्रदेश में फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिल सकता है।

