Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में खेल प्रतियोगिताओं का होगा विस्तार, पारंपरिक खेलों समेत 50 खेल होंगे शामिल..

उत्तराखंड में खेल प्रतियोगिताओं का होगा विस्तार, पारंपरिक खेलों समेत 50 खेल होंगे शामिल..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि अब दोगुनी कर दी गई है। पहले यह राशि पांच लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने केवल मुख्यमंत्री कप की इनामी राशि ही नहीं बढ़ाई है, बल्कि विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को मिलने वाले पुरस्कार में भी इजाफा किया है। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। नई सूची में उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी जगह दी जाएगी।

पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ेगी पुरस्कार राशि
नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में संशोधन किया गया है। इसका उद्देश्य अलग-अलग स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को अब 400 रुपये मिलेंगे। पहले यह राशि 300 रुपये थी। इसी तरह दूसरे स्थान के लिए पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 150 से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है। विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है। यहां प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये निर्धारित किया गया है।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर पहले स्थान के विजेता को अब 1,000 रुपये मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि 800 रुपये थी। दूसरे स्थान के लिए 600 की जगह 800 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 400 की जगह 600 रुपये दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर भी खिलाड़ियों के पुरस्कार में बढ़ोतरी की गई है। प्रथम स्थान के लिए मिलने वाली राशि 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
सीएम ने आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की दिशा में भी कदम उठाया है। इसके लिए संबंधित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया गया है। सरकार के इन फैसलों से प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और पारंपरिक खेलों को नई पहचान देने की योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

 

To Top