नेशनल अवॉर्ड विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का टीजर जारी, 27 नवंबर को होगी रिलीज..
उत्तराखंड: गढ़वाली सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली फिल्म ‘ढोली’ का टीजर लॉन्च कर दिया गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित इस फीचर फिल्म का टीजर देहरादून स्थित दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जारी किया गया। इस मौके पर साहित्य, कला और फिल्म जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। यह फिल्म 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रसिद्ध लोकगायक और गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मौजूदा दौर में सिनेमा समाज और संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। क्षेत्रीय भाषाओं में बनने वाली फिल्में न केवल स्थानीय भाषा और परंपराओं को जीवित रखने में मदद करती हैं, बल्कि उस क्षेत्र की लोककला, संगीत, पहनावे, पर्यटन और धार्मिक स्थलों को भी व्यापक पहचान दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान केवल फिल्म का नहीं, बल्कि गढ़वाली भाषा, लोकसंस्कृति और पारंपरिक कलाओं का भी है। उन्हें उम्मीद है कि ‘ढोली’ के माध्यम से ढोल वादकों के योगदान, उनके संघर्ष और सामाजिक सम्मान से जुड़े मुद्दों को नई पहचान मिलेगी।
ढोल वादकों को सम्मान और संरक्षण देने की जरूरत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. केपी जोशी ने ढोल को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक वाद्ययंत्र हमारी पहचान और सामाजिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं, लेकिन समय के साथ ढोल वादकों को वह सम्मान नहीं मिल पाया जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने इस पारंपरिक कला को संरक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि ढोल वादकों को उचित पारिश्रमिक और समाज में सम्मान मिलना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस विरासत को आगे बढ़ा सकें।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में मिला सम्मान
फिल्म ‘ढोली’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। गढ़वाली सिनेमा के करीब 43 साल के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी गढ़वाली फीचर फिल्म को यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल हुआ है। इस उपलब्धि ने क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। फिल्म का निर्माण सुनील नायक ने किया है, जबकि इसका निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों से जुड़े निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। फिल्म का संगीत नरेंद्र सिंह नेगी ने तैयार किया है। इसकी कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।
फिल्म के टीजर लॉन्च में कलाकारों की रही मौजूदगी
टीजर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म और साहित्य जगत से जुड़े कई लोग शामिल हुए। इनमें सुनील बडोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी, सचिन रावत, साहित्यकार बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डीके पांडे और पंकज नैथानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं फिल्म की स्टारकास्ट से मोहित घिल्डियाल, जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, रमेश नौडियाल, अतुल रावत, सुनील सिंह और तन्मय लोहानी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद अब फिल्म ‘ढोली’ की सिनेमाघरों में रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म के जरिए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और ढोल वादकों के जीवन से जुड़े पहलुओं को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।

