शिक्षा से संवरने लगी बालिकाओं की जिंदगी, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम..
उत्तराखंड: सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा बदलाव की नई राह खोल रही है। अब तक विद्यालयी शिक्षा से दूर रहीं बालिकाएं नियमित रूप से स्कूल जा रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें विभिन्न रचनात्मक और कौशल विकास गतिविधियों से भी जोड़ा गया है। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ने के साथ भविष्य को लेकर नई उम्मीदें भी जाग रही हैं। यह बदलाव जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल के बाद देखने को मिला है। दरअसल, जिलाधिकारी ने गत 18 अक्टूबर को केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। बातचीत में बालिकाओं ने बताया कि वे विद्यालय नहीं जाती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला परिवीक्षा अधिकारी को सभी बालिकाओं का स्कूलों में दाखिला कराने के निर्देश दिए। इसके बाद बालिकाओं को विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया और उनकी नियमित पढ़ाई शुरू हो गई।
शिक्षा के साथ बालिकाओं की प्रतिभा निखारने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र में उन्हें योगाभ्यास, चित्रकला, क्राफ्टिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य केवल उनकी पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और व्यावहारिक कौशल को भी मजबूत करना है। केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट के अनुसार, बालिकाओं को शिक्षा के साथ हुनरमंद बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें नियमित रूप से पेंटिंग, क्राफ्टिंग समेत विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाता है। बालिकाएं भी इनमें उत्साह के साथ हिस्सा ले रही हैं और नई चीजें सीखने में रुचि दिखा रही हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास के जरिए बालिकाओं को भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन के लिए तैयार किया जा रहा है।
केंद्र में रह रही बालिकाओं के सपनों को भी अब नई दिशा मिल रही है। कोई पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती है तो किसी की इच्छा देश और समाज की सेवा करने की है। बालिकाओं का कहना है कि वे आगे भी पूरी लगन से पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं और अपने हुनर के दम पर जीवन में एक अलग मुकाम हासिल करना चाहती हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्रों में रहने वाले बच्चों को भी शिक्षा और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को विद्यालयों से जोड़ने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कारणवश स्कूल नहीं जा पा रहे अन्य बच्चों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि वे अपने हुनर और शिक्षा के बल पर आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

