राज्य स्थापना दिवस पर CM धामी ने जारी की विकास पुस्तिका..
सरकार की उपलब्धियों का रखा लेखा-जोखा..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने बीते कुछ वर्षों में पर्यटन, खेल और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जी-20 की बैठकों और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से प्रदेश को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिली है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को केवल एक सीजन तक सीमित रखने के बजाय पूरे साल रोजगार का माध्यम बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन पर्यटन और नए पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पर्यटन से होने वाली आय का सीधा लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यापारियों तक पहुंचे।
3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची प्रदेश की अर्थव्यवस्था
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर जानकारी देते हुए सीएम धामी ने बताया कि वर्ष 2025-26 के अनुमानों के मुताबिक उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के साथ किसानों, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।
रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रिवर्स पलायन के आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने इसे राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों से जोड़कर देखा। कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए शुभकामना संदेश को पढ़कर सुनाया।

