Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगा ईवीएम जागरूकता अभियान..

उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगा ईवीएम जागरूकता अभियान..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियों को गति देनी शुरू कर दी है। चुनाव से पहले मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया और ईवीएम के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए प्रदेशव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की योजना के अनुसार, 16 नवंबर से सभी जिलों में ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर शुरू होंगे। इसके साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए मोबाइल वैन भी तैनात की जाएंगी निर्वाचन विभाग की ओर से सभी 13 जिलों के अधिकारियों को अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के तहत 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के गांवों और कस्बों में मोबाइल डिमॉन्स्ट्रेशन वैन के माध्यम से ईवीएम के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। इन वाहनों के जरिए लोगों को मशीनों के संचालन और मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जाएगा।

प्रदेश में उपलब्ध हैं हजारों ईवीएम और वीवीपैट मशीनें
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तराखंड में कुल 12,543 पोलिंग स्टेशनों के लिए पर्याप्त चुनावी उपकरण उपलब्ध हैं। इनमें 27,700 बैलेट यूनिट, 36,553 कंट्रोल यूनिट और 25,697 वीवीपैट मशीनें शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालयों में स्थापित होने वाले डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर के माध्यम से मतदाता इन मशीनों को करीब से समझ सकेंगे और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान कर पाएंगे।

चुनाव के लिए 1.90 लाख से अधिक कर्मचारी उपलब्ध
विधानसभा चुनाव के संचालन के लिए निर्वाचन विभाग ने मानव संसाधन की उपलब्धता का भी आकलन किया है। अनुमान के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए करीब 1 लाख 8 हजार 400 कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इसके मुकाबले राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को मिलाकर 1.90 लाख से अधिक कर्मचारी उपलब्ध हैं। इसके अलावा मतदान दलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की आवाजाही के लिए परिवहन व्यवस्था का खाका भी तैयार किया गया है। विभाग को चुनाव के दौरान 3,319 बसों, 310 ट्रकों और 9,669 हल्के वाहनों की आवश्यकता होगी। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत के मुताबिक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सूची तैयार कर ली गई है।

चुनाव आयोग की टीम फिर करेगी उत्तराखंड का दौरा
चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए निर्वाचन आयोग की एक टीम इस महीने उत्तराखंड पहुंच सकती है। इससे पहले पिछले महीने भी आयोग की टीम ने प्रदेश का दौरा किया था। आगामी दौरे के दौरान चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि आयोग की टीम के दौरे की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। टीम प्रदेश में चुनाव संबंधी तैयारियों की प्रगति देखेगी और बूथ स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लेगी। निर्वाचन विभाग का फोकस फिलहाल मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने, पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था और परिवहन सहित अन्य जरूरी संसाधनों को समय रहते तैयार करने पर है।

 

 

 

To Top