उत्तराखंड में जल्द साकार होगा अपने घर का सपना..
12,856 आवासों के आवंटन की तैयारी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को जल्द ही अपने घर का लाभ मिलने वाला है। प्रदेश में 12,856 आवासों वाली 15 आवासीय परियोजनाओं का ढांचागत निर्माण पूरा हो चुका है। फिलहाल भवनों की फिनिशिंग और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम चल रहा है। विभाग का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक शेष कार्य पूरा करना है। इसके बाद अगले एक से दो महीने के भीतर पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटित किए जाने की तैयारी है। अपर आवास आयुक्त डीपी सिंह ने कहा कि परियोजनाओं में निर्माण का मुख्य कार्य पूरा हो गया है। अब आवासों को रहने योग्य बनाने के लिए अंतिम चरण की तैयारियां की जा रही हैं। विभाग की कोशिश है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी कार्य पूरे कर लाभार्थियों को जल्द आवास उपलब्ध कराए जाएं।
15 आवासीय परियोजनाओं पर विशेष ध्यान
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, प्रदेश में 15 आवासीय परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। इनकी प्रगति की साप्ताहिक निगरानी की जा रही है, ताकि काम में देरी न हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी होते ही पात्र लोगों को आवास आवंटित किए जाएं। इन परियोजनाओं में कुछ जगहों पर आवंटन की प्रक्रिया पहले ही आगे बढ़ चुकी है। रुड़की के शिकारपुर में लाभार्थियों को आवासों का कब्जा दिया जा चुका है। शेष परियोजनाओं में भी काम पूरा कर जल्द ही लाभार्थियों को घर सौंपने की तैयारी की जा रही है।
काशीपुर से हरिद्वार तक बन रहे आवास
इन आवासीय परियोजनाओं का विस्तार प्रदेश के कई क्षेत्रों में है। काशीपुर, सितारगंज, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, रामनगर, गदरपुर और जसपुर जैसे स्थानों पर आवास तैयार किए जा रहे हैं। परियोजनाओं में फिनिशिंग और मूलभूत सुविधाओं का काम पूरा होने के बाद पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।कनकपुर-काशीपुर परियोजना में 1,256 आवास बनाए गए हैं, जबकि उकरौली-सितारगंज में 1,168 और अनेकीहेतमपुर-हरिद्वार में 1,152 आवास शामिल हैं। शिकारपुर-रुड़की में 768, मठकोटा-रुद्रपुर में 928 और महुआखेड़ागंज-काशीपुर में 824 आवास हैं। मंगलौर-रुड़की परियोजना में 544 और गंगापुर-गौसाई काशीपुर में 584 आवास तैयार किए जा रहे हैं। इसी तरह मानपुर-काशीपुर में 512, उम्मेदपुर-रामनगर में 528, बेलड़ी-रुड़की में 1,088, उकरौली-सितारगंज द्वितीय परियोजना में 864 और श्यामनगर-गदरपुर में 928 आवास शामिल हैं। झब्बरपुर-रुड़की परियोजना में 448, जबकि भवानीपुर-जसपुर में 1,264 आवास बनाए गए हैं। निर्माण कार्य के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही लाभार्थियों को घर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। विभाग का जोर तय समय पर काम पूरा करने और आवंटन प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने पर है।

