उत्तराखंड

उत्तराखंड के पेंशनरों को मिलेगी आधिकारिक पहचान, ID कार्ड बनाने की तैयारी शुरू..

उत्तराखंड के पेंशनरों को मिलेगी आधिकारिक पहचान, ID कार्ड बनाने की तैयारी शुरू..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनरों के लिए राज्य सरकार पहचान पत्र जारी करने की व्यवस्था शुरू करने जा रही है। पहली बार प्रदेश के पेंशनरों को आधिकारिक पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एक ओर पेंशनरों की पहचान आसान होगी, वहीं दूसरी ओर सरकार के पास उनका व्यवस्थित और अद्यतन रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा। पेंशनरों को पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए शासन ने निदेशक कोषागार, पेंशन एवं हकदारी को मानक प्रचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने और जारी करने के लिए अधिकृत किया है। इसके बाद पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

लंबे समय से उठ रही थी मांग
प्रदेश के पेंशनर संगठन लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पहचान पत्र बनाए जाने की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में अगस्त में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर बैठक हुई थी। बैठक में पेंशनरों को पहचान पत्र जारी करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद कार्मिक विभाग से सहमति मिलने पर वित्त सचिव डॉ. वी. षणमुगम ने संबंधित विभाग को पहचान पत्र जारी करने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही निदेशक कोषागार, पेंशन एवं हकदारी को इस संबंध में SOP जारी करने की जिम्मेदारी दी गई है।

पेंशनरों का रिकॉर्ड रहेगा अपडेट
पहचान पत्र जारी होने के बाद प्रदेश के सेवानिवृत्त पेंशनरों से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित तरीके से दर्ज और अपडेट रखने में मदद मिलेगी। इससे जरूरत पड़ने पर पेंशनरों की पहचान और उनके रिकॉर्ड की पुष्टि करना भी आसान हो सकता है। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य और उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पहचान पत्र बनने से पेंशनरों को अपनी पहचान साबित करने में सुविधा होगी और प्रदेशभर के पेंशनरों का अपडेट डाटा भी उपलब्ध रहेगा। अब SOP जारी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया क्या होगी, इसके लिए कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे और पेंशनरों को पहचान पत्र किस माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top