बारिश के तेज बहाव ने ली दो बच्चों की जान, देहरादून में नाले-नहर से मिले शव..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में मानसून के बीच लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। देहरादून में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों की पानी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। एक बच्चे का शव बडोवाला क्षेत्र में डीएसपी चौक के पास बरसाती नदी से बरामद हुआ, जबकि दूसरे बच्चे का शव गुलरघाटी की नहर से मिला। पहली घटना पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की जानकारी साझा कर तलाश में मदद मांगी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि बच्चे के परिसर से बाहर निकलने से संबंधित कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिसर से गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका जताई गई और पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू किया।तलाश के दौरान ड्रोन की मदद भी ली गई। कई घंटे चले अभियान के बाद एसडीआरएफ को बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चा नाले के तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा होगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नहर में गिरा 10 वर्षीय बच्चा, रातभर चला रेस्क्यू
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गुलरघाटी रोड, बालावाला की है। यहां मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ ने बच्चे का शव गुलरघाटी नहर से बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक केपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर का रहने वाला था और उसके माता-पिता देहरादून में मजदूरी करते हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
दो अलग-अलग घटनाओं में बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने बारिश के दौरान लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने लोगों से कहा कि बारिश के समय नदी, नाले और नहर के आसपास जाने से बचें। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज बहाव वाले पानी और संवेदनशील स्थानों से दूर रखें। लगातार बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने और बहाव तेज होने की आशंका बनी रहती है, ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।