उत्तराखंड

दून यूनिवर्सिटी को CM धामी की सौगात, लैब-लाइब्रेरी का लोकार्पण..

दून यूनिवर्सिटी को CM धामी की सौगात, लैब-लाइब्रेरी का लोकार्पण..

छात्रों के लिए 2 इलेक्ट्रिक बसों का ऐलान..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दीक्षारम्भ कार्यक्रम और युवा संवाद का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का समय केवल पढ़ाई और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। यह युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नई सोच और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण दौर है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने दून विश्वविद्यालय में करीब 28.59 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो महत्वपूर्ण भवनों का लोकार्पण किया। इनमें 11.20 करोड़ रुपये की लागत से बना बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन शामिल है। इसके साथ ही सीएम ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के जुड़ने से विश्वविद्यालय में पढ़ाई, शोध और विद्यार्थियों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।सीएम धामी ने कार्यक्रम के दौरान कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा।कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के सुचारू संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद सृजित करने की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की बात कही गई।

विदेशी भाषा शिक्षा पर जोर

सीएम ने कहा कि दून विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा विभागों को और मजबूत किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।उन्होंने बताया कि स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषा विभागों के लिए आवश्यक पदों का सृजन किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि इन भाषाओं की पढ़ाई का लाभ केवल दून विश्वविद्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि राज्य के दूसरे शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी इससे लाभान्वित हो सकें। सीएम ने कहा कि मौजूदा दौर नवाचार और तकनीक का है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।सीएम धामी ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू की तैयारी के लिए सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। सरकार की प्राथमिकता ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय न हो।

पांच साल में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

सीएम ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके जरिए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इसी व्यवस्था के तहत पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। सीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। जिस देश के युवा बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का संकल्प और मेहनत करने का जज्बा रखते हैं, उस देश की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। भारत की युवा शक्ति विकसित भारत के लक्ष्य की मजबूत आधारशिला है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top