इसी हफ्ते शुरू होगी केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग..
15 जून के बाद की यात्रा के लिए खुलेगा स्लॉट..
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग का दूसरा चरण जून के पहले सप्ताह में शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है। इस चरण में 15 जून के बाद की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि बुकिंग शुरू होने की तिथि जल्द सार्वजनिक की जाएगी। बता दे कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग का पहला चरण अप्रैल में शुरू किया गया था। उस दौरान 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा अवधि के लिए टिकट जारी किए गए थे। श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला था और टिकट जारी होते ही बेहद कम समय में बड़ी संख्या में सीटें बुक हो गई थीं। बढ़ती मांग को देखते हुए अब दूसरे चरण की बुकिंग शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
इधर, मौसम की चुनौती चारधाम यात्रा पर लगातार असर डाल रही है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जनपद में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ खराब मौसम की संभावना जताई है। प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए। विभिन्न पड़ावों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर स्थिति का पुनर्मूल्यांकन किया गया और यात्रा को दोबारा सुचारु रूप से संचालित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी संभावित आपदा या आपात परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ समेत सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम संबंधी ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन जहां एक ओर यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास कर रहा है, वहीं मौसम की चुनौती को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी लगातार मजबूत की जा रही है। केदारनाथ हेली सेवा की नई बुकिंग शुरू होने से उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है जो जून के दूसरे पखवाड़े में बाबा केदार के दर्शन की योजना बना रहे हैं।