केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, यूपी के श्रद्धालु की मौत..
उत्तराखंड: उत्तराखंड केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच एसडीआरएफ और रेस्क्यू टीमों की सतर्कता एक बार फिर यात्रियों के लिए जीवनदायिनी साबित हुई। यात्रा मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कई श्रद्धालुओं और यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। कठिन भूभाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव दल लगातार यात्रियों की मदद में जुटे हुए हैं। बीती रात सोनप्रयाग स्थित हनुमान बैरियर के पास एक व्यक्ति के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत सक्रिय हो गई। उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि युवक सड़क से करीब 30 से 40 मीटर नीचे खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद रेस्क्यू टीम ने तत्काल स्ट्रेचर की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए सोनप्रयाग चिकित्सालय पहुंचाया। घायल युवक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी, जबकि उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
इसी दौरान केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर चिरबासा हेलीपैड के नीचे एक और घटना सामने आई, जहां यात्रा कर रहे एक श्रद्धालु अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। यात्रियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद राहत दल मौके पर पहुंचा। गंभीर स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल सीपीआर देकर श्रद्धालु की जान बचाई। कुछ ही देर में यात्री को होश आ गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित मेडिकल रिलीफ पोस्ट गौरीकुंड पहुंचाया गया। घायल यात्री की पहचान कैलाश शर्मा (45 वर्ष) निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
वहीं केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गरुड़ चट्टी के समीप रुद्रा पॉइंट के नीचे नदी किनारे पहाड़ी पर फंसे एक युवक को भी एसडीआरएफ ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। युवक बेहद खतरनाक पहाड़ी पर फंसा हुआ था और आगे-पीछे जाने का कोई रास्ता नहीं बचा था। जोखिम भरे हालात के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक तक पहुंच बनाई और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (24 वर्ष), निवासी राजस्थान के रूप में हुई। हालांकि यात्रा मार्ग पर एक दुखद घटना भी सामने आई। बड़ी लिनचोली ग्लेशियर क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और अन्य संबंधित टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और व्यक्ति को मेडिकल रिलीफ पोस्ट बड़ी लिनचोली लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आकाश (42 वर्ष), निवासी नवाबगंज, कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और कठिन मौसम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। प्रशासन लगातार यात्रियों से सावधानी बरतने, स्वास्थ्य जांच कराने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील कर रहा है। वहीं एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार मुस्तैद हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।