औली में नेशनल स्की चैंपियनशिप का आगाज, देशभर से जुटे खिलाड़ी और पर्यटक..
उत्तराखंड: चारों ओर बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां, गुनगुनी धूप के बीच चमकती सफेद ढलानें और रोमांच से भरा माहौल करीब साढ़े दस हजार फीट की ऊंचाई पर बसा औली इन दिनों देशभर के स्की प्रेमियों और पर्यटकों का केंद्र बना हुआ है। विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में नेशनल स्की चैंपियनशिप एवं औली कार्निवाल का रंग जम चुका है, जहां देश के 14 राज्यों के साथ सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के स्कीयर्स भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जनवरी के अंतिम सप्ताह में हुई बर्फबारी ने औली की सूरत बदल दी। लंबे इंतजार के बाद बर्फ की मोटी परत जमने से स्कीइंग प्रतियोगिता का मार्ग प्रशस्त हुआ। स्थानीय निवासियों के चेहरे भी खिल उठे, क्योंकि बर्फबारी के साथ ही पर्यटन और कारोबार को नई रफ्तार मिली है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड के बावजूद दिन में हल्की धूप पर्यटकों को खुले आसमान के नीचे बर्फ में अठखेलियां करने का मौका दे रही है। ढलानों पर स्कीयर्स का कौशल और मैदान के आसपास सैलानियों की तालियां औली के माहौल को और जीवंत बना रही हैं।
देशभर के खिलाड़ी और पर्यटक जुटे..
नेशनल स्की चैंपियनशिप में 350 से अधिक स्कीयर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी, सेना के जवान और अर्धसैनिक बलों के सदस्य शामिल हैं। प्रतियोगिता के साथ आयोजित औली कार्निवाल ने इस आयोजन को और आकर्षक बना दिया है। सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पर्यटक भी इस रोमांच का हिस्सा बनने औली पहुंचे हैं। आयोजन से तीन दिन पहले ही यहां होटल, होम-स्टे और रिसॉर्ट लगभग फुल हो चुके थे। औली में बढ़ती चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों को भी राहत मिली है। बर्फबारी और चैंपियनशिप ने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा दी है। स्थानीय लोग भी आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। अगले तीन दिनों तक औली की ढलानें स्कीइंग के रोमांच से गूंजती रहेंगी। बर्फ से ढके मैदानों में खिलाड़ियों की रफ्तार और दर्शकों का उत्साह मिलकर औली को देश के प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने का संदेश दे रहे हैं। हिमालय की गोद में सजे इस छोटे से हिमक्रीड़ा केंद्र में इन दिनों सचमुच पूरे भारत के दर्शन हो रहे हैं, जहां खेल, पर्यटन और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।