उत्तराखंड

देहरादून पुलिस में बड़ा फैसला, ढाई साल से अनुपस्थित कांस्टेबल सेवा से बाहर

देहरादून पुलिस में बड़ा फैसला, ढाई साल से अनुपस्थित कांस्टेबल सेवा से बाहर..

 

 

 

 

उत्तराखंड: देहरादून पुलिस ने लंबे समय से ड्यूटी से गायब चल रहे एक पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले ढाई वर्षों से लगातार अनुपस्थित रहने के मामले में पुलिस लाइन देहरादून में तैनात कांस्टेबल अनिल सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने यह निर्णय लिया, जिसे पुलिस महकमे में अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था की ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने वहां रिपोर्ट नहीं की और बिना अनुमति लगातार 65 दिनों तक अनुपस्थित रहे। करीब दो महीने बाद 20 जून 2023 को उन्होंने देहरादून में अपनी आमद तो दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ।

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब 1 सितंबर 2023 को पुलिस लाइन में सुबह की गणना के दौरान कांस्टेबल एक बार फिर अनुपस्थित पाया गया। इसके बाद वह न तो ड्यूटी पर लौटे और न ही विभाग से किसी प्रकार का संपर्क किया। लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए मामले की जांच सीओ लाइन को सौंपी गई। विभागीय जांच के दौरान भी कांस्टेबल अनिल सिंह ने किसी स्तर पर सहयोग नहीं किया। जांच अधिकारी द्वारा सभी तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी देहरादून को सौंपी गई। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद एसएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कांस्टेबल को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया।

इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी अजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है और भविष्य में इस तरह के मामलों में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई को महकमे में अनुशासन स्थापित करने और ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मियों के लिए कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top