Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

चिकित्सा के क्षेत्र में उत्तराखंड की ऊंची उड़ान, मोनाको में तीन दंत चिकित्सक सम्मानित..

चिकित्सा के क्षेत्र में उत्तराखंड की ऊंची उड़ान, मोनाको में तीन दंत चिकित्सक सम्मानित..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के दंत चिकित्सकों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। बीते 18 से 20 सितंबर तक पश्चिमी यूरोप के मोनाको देश में आयोजित यूरोपियन एसोसिएशन ऑफ ओसियोइंटीग्रेशन सम्मेलन 2025 (EAO) में प्रदेश के तीन दंत चिकित्सक डॉ. प्रदीप पंवार, डॉ. विकास भट्ट और डॉ. केके गुप्ता को सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ दंत चिकित्सकों के बीच आयोजित हुआ, जिसमें उत्तराखंड से तीन डॉक्टरों की मौजूदगी ने राज्य को गर्व का अवसर दिया। डॉ. प्रदीप पंवार और डॉ. विकास भट्ट को इस सम्मेलन में डेंटियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विशेष आमंत्रित किया गया था। खास बात यह रही कि टिहरी गढ़वाल के जौनपुर ब्लॉक से आने वाले डॉ. प्रदीप पंवार को मोनाको में आयोजित प्रतिष्ठित पाव-एसएफपीआईओ संयुक्त सम्मेलन 2025 में भी सम्मान प्राप्त हुआ। बता दे कि दंत चिकित्सा के क्षेत्र में गढ़वाल पहले भी अपनी अलग पहचान बना चुका है और इस बार फिर उत्तराखंड के दंत चिकित्सकों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का परचम लहराया है।

इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इंप्लांट डेंटिस्ट्री के क्षेत्र में हो रहे नवाचार, लेटेस्ट स्टडी, तकनीकी प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में उत्तराखंड के दंत चिकित्सक डॉ. प्रदीप पंवार को यूरोपियन एसोसिएशन फॉर ओसियोइंटीग्रेशन (EAO) की ओर से विशेष बुलावा भेजा गया था। बतौर वरिष्ठ चिकित्सक और इंप्लांटियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े होने के नाते उन्हें प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। सम्मेलन के दौरान डॉ. पंवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए आधुनिक इंप्लांट, तकनीकी प्रगति और भविष्य की चुनौतियों को लेकर अपने विचार रखे। उनकी इस उपलब्धि से न केवल गढ़वाल बल्कि पूरे उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव प्राप्त हुआ। इस सम्मेलन में प्रदेश के अन्य दंत चिकित्सक डॉ. विकास भट्ट और डॉ. केके गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।

मोनाको में आयोजित यूरोपियन एसोसिएशन ऑफ ओसियोइंटीग्रेशन सम्मेलन 2025 (EAO) में सम्मानित होने के बाद दंत चिकित्सक डॉ. प्रदीप पंवार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे गढ़वाल और उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नेतृत्व करना उनके लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। डॉ. पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सपना है कि भविष्य में प्रदेश के युवा दंत चिकित्सक भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। उनकी इस उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र धनोल्टी विधानसभा और जौनपुर ब्लॉक में खुशी की लहर है। चिकित्सा जगत के जानकारों का मानना है कि डॉ. पंवार का यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि गढ़वाल सहित पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

आपको बता दें कि यूरोप के मोनाको में सम्मानित किए गए उत्तराखंड के इन तीन डेंटिस्ट डॉक्टर प्रदीप पंवार, विकास भट्ट और केके गुप्ता को उत्तराखंड में अधिकतम इंप्लांट सर्जरी करने और उनके सक्सेस रेट को देखते हुए सम्मानित किया गया है। डॉक्टर विकास भट्ट उत्तरकाशी के निवासी हैं और वह देहरादून में पिछले 12 सालों से दंत चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं डॉक्टर केके गुप्ता गढ़वाल के श्रीनगर में 12 सालों से भी अधिक समय से प्रैक्टिस कर रहे हैं। डॉ प्रदीप पंवार ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और उनके दो साथी डॉक्टर को प्रदेश में अब तक सबसे अधिक इंप्लांट सर्जरी करने और उसमें भी सक्सेस रेट सबसे अधिक होने के चलते दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके साथी डॉक्टर के के गुप्ता वरिष्ठ डॉक्टर हैं। हालांकि उन्होंने कुछ समय बाद इंप्लांट सर्जरी शुरू की और इसीलिए इन तीनों डॉक्टर की औसत इंप्लांट सर्जरी की संख्या लगभग बराबर है। यह तीनों टॉप सक्सेस रेट के साथ इंप्लांट सर्जरी करने वाले डॉक्टर हैं।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top