उत्तराखंड

हल्द्वानी में सीएम धामी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से की मुलाकात, राज्यपाल भी रहे मौजूद..

हल्द्वानी में सीएम धामी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से की मुलाकात, राज्यपाल भी रहे मौजूद..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी में देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। यह मुलाकात उपराष्ट्रपति के तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के समापन अवसर पर हुई। उपराष्ट्रपति धनखड़ हल्द्वानी से दिल्ली प्रस्थान से पूर्व कुछ समय के लिए ठहरे थे। इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। तीन दिवसीय प्रवास के समापन पर उपराष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस शिष्टाचार मुलाकात को राज्य और केंद्र के बीच समन्वय और संवाद का प्रतीक माना जा रहा है।

आर्मी हेलीपैड परिसर में शुक्रवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बीच एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंटवार्ता संपन्न हुई। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। भेंटवार्ता के दौरान राज्य से जुड़े प्रमुख विषयों और विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सीएम ने उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन पर आभार जताते हुए कहा कि उनकी यात्रा से प्रदेश को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने उपराष्ट्रपति को उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के विविध उत्पाद भेंट में दिए। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सैन्य सेवा भावना और सतत विकास की दिशा में प्रयास प्रशंसनीय हैं। यहां की ऊर्जा और प्रतिबद्धता देश के लिए प्रेरणास्रोत है। सीएम द्वारा भेंट किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों में राज्य के हर्बल, जैविक और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े वस्त्र एवं उत्पाद शामिल थे, जो स्थानीय महिलाओं और कारीगरों को स्वावलंबन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को जमरानी बांध परियोजना का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर परियोजना स्थल पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने परियोजना की अद्यतन स्थिति से दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत कराया। सीएम ने कहा कि जमरानी बांध उत्तराखंड की सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण की दृष्टि से एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण कार्यों में कोई भी ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी परियोजना की रणनीतिक और जनहित महत्वता पर बल देते हुए कहा कि यह योजना कुमाऊं क्षेत्र के विकास और जल संकट समाधान के लिए निर्णायक सिद्ध होगी। यह निरीक्षण परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। जमरानी बांध को लेकर शासन स्तर पर नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट; विधायक सरिता आर्या; मेयर गजराज बिष्ट; दर्जा मंत्री दीपक मेहरा; मुख्यमंत्री के आयुक्त/सचिव दीपक रावत; आईजी रिद्धिम अग्रवाल; जिलाधिकारी वंदना; वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी.एन. मीणा; सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top