उत्तराखंड

चारधाम के लिए हुए 6.87 लाख पंजीकरण, हेमकुंड यात्रा ने भी पकड़ी रफ्तार..

चारधाम के लिए हुए 6.87 लाख पंजीकरण, हेमकुंड यात्रा ने भी पकड़ी रफ्तार..

 

 

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के साथ-साथ अब हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य में तीर्थयात्रा का माहौल पूरी तरह से बन चुका है और पंजीकरण के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। पर्यटन विभाग द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए अब तक करीब 6.87 लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुआ है, जहां 2,29,295 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कर दिया है। इसके बाद बद्रीनाथ धाम के लिए 2,02,622, गंगोत्री धाम के लिए 1,28,253 और यमुनोत्री धाम के लिए 1,25,366 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।

वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पंजीकरण 17 मार्च से शुरू हुए हैं। कपाट खुलने की तिथि 23 मई निर्धारित होने के बाद से ही श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ा है। महज दो दिनों के भीतर 750 से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा के लिए पंजीकरण कर चुके हैं। चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से ही शुरू कर दिए गए थे। यात्रा में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है, जिससे यात्रा प्रबंधन को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।

पर्यटन विभाग के अनुसार इस बार भी यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से यात्रा में शामिल हो सकें। प्रशासन का मानना है कि इस बार की चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top