भारतीय सैन्य अकादमी से 419 जेंटलमैन कैडेट भारतीय सेना में हुए शामिल, 32 विदेशी कैडेट भी हुए पासआउट..
उत्तराखंड: शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड में 419 जेंटलमैन कैडेट्स ने देश सेवा की शपथ के साथ भारतीय सेना की वर्दी पहन ली। इस मौके पर नौ मित्र देशों के 32 विदेशी कैडेट्स भी प्रशिक्षण पूर्ण कर अकादमी से पासआउट हुए। परेड में बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बी.के.जी.एम. लासंथा रोड्रिगो शामिल हुए। उन्होंने परेड की भव्य सलामी ली और कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। परंपरा के अनुसार अंतिम पग पार करते ही नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों ने ‘एंट्री गेट’ पार किया, जिसे ‘एंट्रेंस ऑफ वॉरियर्स’ कहा जाता है। इस क्षण पर उनकी आंखों में जहां देशसेवा का गर्व था, वहीं परिवारजनों की आंखों में खुशी और गर्व के आंसू छलक उठे। IMA से पासआउट होना न केवल एक सैन्य उपलब्धि है, बल्कि यह देश के लिए समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व की मिसाल भी है।
शनिवार सुबह भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में इतिहास और अनुशासन की साक्षी बनी। सुबह 6 बजकर 38 मिनट पर ‘मार्कर्स कॉल’ के साथ परेड का विधिवत आगाज हुआ। इसके तुरंत बाद कंपनी सार्जेंट मेजरों ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी निर्धारित जगहें संभालीं। ठीक 6 बजकर 42 मिनट पर ‘एडवांस कॉल’ बजते ही कैडेट्स अनुशासित कदमताल करते हुए परेड मैदान में पहुंचे। वातावरण राष्ट्रभक्ति और सैन्य परंपराओं के जोश से गूंज उठा। परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर और श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बी.के.जी.एम. लासंथा रोड्रिगो ने परेड का निरीक्षण कर कैडेट्स का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कैडेट्स के जोश, अनुशासन और तालमेल की सराहना करते हुए IMA की गौरवशाली परंपरा को सलाम किया। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें न केवल उनके कठिन परिश्रम का प्रतिफल था, बल्कि आने वाले सैन्य जीवन की प्रेरणा भी।
ये कैडेट्स रहे अव्वल..
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर व सिल्वर मेडल – अनिल नेहरा
गोल्ड मेडल – रोनित रंजन
ब्रॉन्ज मेडल – अनुराग वर्मा
टीईएस सिल्वर – कपिल
टीजी सिल्वर – आकाश भदौरिया
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर – केरन कंपनी
