उत्तराखंड के 19 शिक्षकों को मिलेगा शैलेश मटियानी शैक्षिक पुरस्कार..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी शैक्षिक पुरस्कार 2025 के लिए राज्य के 19 शिक्षकों का चयन किया गया है। राज्य चयन समिति की सिफारिश के आधार पर यह निर्णय लिया गया है, जिसमें विभिन्न स्तरों पर उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को शामिल किया गया है। जारी सूची के अनुसार चयनित शिक्षकों में 12 प्रारंभिक शिक्षा, 6 माध्यमिक शिक्षा और 1 प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि ये शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार, गुणवत्ता सुधार और विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिक्षा सचिव रविनाथ रमन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह पुरस्कार उन शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्रों के भविष्य को संवारने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। चयन प्रक्रिया राज्य स्तर की समिति द्वारा तय मानकों के आधार पर पूरी की गई है। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सभी चयनित शिक्षकों को शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक शिक्षक को 10 हजार रुपये की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र और विभाग में दो वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त संस्कृत शिक्षा विभाग से भी एक शिक्षक को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया अलग से संबंधित विभाग द्वारा पूरी की जा रही है। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस तरह के सम्मान न केवल शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र में गुणवत्ता सुधार और नवाचार को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पहचान मिले और वे अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा बनें।
चयनित शिक्षकों की सूची
प्रशिक्षण संस्थान (1 शिक्षक)
डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट – प्रवक्ता, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) बड़कोट, उत्तरकाशी
माध्यमिक शिक्षा (6 शिक्षक)
डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव – प्रधानाचार्य, जीआईसी भगवानपुर धारकोट, देहरादून
कमलेश पंवार – प्रधानाचार्य, जीजीआईसी गुलाबशाहपीर, हरिद्वार
नवीन चंद्र पंत – सहायक अध्यापक, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सौ, चंपावत
विशन सिंह मेहता – प्रधानाचार्य, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल
नरेंद्र सिंह नेगी – प्रवक्ता, राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर पाबौं, पौड़ी गढ़वाल
डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा – प्रवक्ता, जीजीआईसी गौचर, चमोली
प्रारंभिक शिक्षा (12 शिक्षक)
महेश्वर प्रसाद सेमवाल – सहायक अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेड़ी भिलंगना, टिहरी गढ़वाल
शशिकांत नौटियाल – सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय ढौंडिक अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग
पृथ्वी सिंह रावत – प्रधानाध्यापक, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय उदकोटी पुरोला, उत्तरकाशी
वीरेंद्र सिंह रावत – सहायक अध्यापक, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कण्डोली अपर, देहरादून
रोबिन कुमार – प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर, हरिद्वार
विष्णुपाल सिंह नेगी – प्रधानाध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी रिखणीखाल, पौड़ी गढ़वाल
लखपत सिंह रावत – सहायक अध्यापक, राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल चोपता नारायणबगड़, चमोली
जहीर अब्बास – सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय चौड़ाकोट, चंपावत
नौ सिंह – सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय सरवरखेड़ा द्वितीय जसपुर, ऊधमसिंह नगर
डॉ. श्वेता मजगाई – सहायक अध्यापिका, उच्च प्राथमिक विद्यालय विजयपुर कोटाबाग, नैनीताल
विक्रम सिंह परिहार – सहायक अध्यापक, राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय मदकोट, पिथौरागढ़
त्रिलोक सिंह अधिकारी – सहायक अध्यापक, राजकीय जूनियर हाईस्कूल गवाड़ द्वाराहाट, अल्मोड़ा