उत्तराखंड

सरयू नदी में नहाते समय बहे दो सगे भाई..

सरयू नदी में नहाते समय बहे दो सगे भाई..

एक बच्चे का शव बरामद, एक की तलाश जारी..

 

 

 

उत्तराखंड:  बागेश्वर जिले के कपकोट में रविवार को माता-पिता की गैरमौजूदगी में नदी में नहाने गए 10 और सात साल के दो सगे भाई नदी के तेज बहाव में बह गए। सुबह करीब 10 बजे नगर पंचायत क्षेत्र के भयूं में रहने वाले प्रकाश राम का पुत्र मोहित कुमार (10) और सुमित कुमार (7) सरयू नदी में नहाने गए थे। इस दौरान दोनों नदी के तेज बहाव में बह गए। लोगों के हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को देने पर एसडीआरएफ, फायर और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू की। करीब साढ़े 11 बजे मोहित का शव बरामद हुआ। लेकिन सुमित का देर शाम तक कोई पता नहीं चल पाया।

 

मूल रूप से किलपारा निवासी प्रकाश राम कपकोट के भयूं हाइडिल गेट के समीप रहते हैं। उनके पिता गंगा राम कई साल पहले भयूं में बस गए थे। रविवार को प्रकाश राम की मां की तबीयत खराब हो गई थी। प्रकाश और उनके पिता गंगा राम उन्हें लेकर अस्पताल गए थे जबकि प्रकाश की पत्नी घास लेने जंगल गई हुई थी। घर पर दोनों बच्चे अकेले थे। सूचना मिलने पर एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ शिवराज सिंह राणा, थानाध्यक्ष मदन लाल भी मौके पर पहुंचे। सीओ राणा का कहना हैं कि नदी में बहे सुमित का शाम तक पता नहीं चला है। सर्च अभियान जारी है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय मोहित और सुमित की मां आशा देवी घर के ही पास जंगल में घास काटने गई थी। बच्चों के बहने की सूचना पर वह बदहवास स्थित में नदी के पास पहुंची और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह पकड़कर घर पहुंचाया। पुलिस के अनुसार नदी में नहाने जाने से पहले दोनों बच्चे घर के ही पास सड़क पर लगे हैंडपंप में नहा रहे थे। सीओ शिवराज सिंह राणा का कहना हैं कि प्रकाश राम का घर भयूं में सड़क के ही पास है। दोनों बच्चे सुबह हैंडपंप पर नहाते हुए देखे गए। उसके बाद दोनों नदी में नहाने चल दिए। बागेश्वर जिले में हर साल नदी में डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस बरसात में अब तक सात घटनाओं में पांच लोगों की नदी में बहने से मौत हो चुकी है।

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top