उत्तराखंड

पर्यवेक्षकों ने टटोला कार्यकर्ताओं का मन

अगस्त्यमुनि में सबसे अधिक संभावित उम्मीदवारों ने की दावेदारी
ऊखीमठ नगर पंचायत में सबसे कम दावेदार
रुद्रप्रयाग में जिलाध्यक्ष सहित चार ने की दावेदारी
एक पालिका व दो नगर पंचायतों की बैठक संपंन, आज होगी तिलवाड़ा में बैठक
रुद्रप्रयाग। जिले की एक नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों के चुनाव को देखते हुए प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे भाजपा संगठन के पर्यवेक्षकों ने एक-एक कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर संभावित प्रत्याशियों के संबंध में चर्चा की।
भाजपा प्रदेश से आए पर्यवेक्षक भाजपा के अनुशासन समिति के अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी, भाजपा अनुसूचित जन जाति मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष रामकृष्ण सिंह रावत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य खेम सिंह चैहान ने जिले के रुद्रप्रयाग नगर पालिका, ऊखीमठ नगर पंचायत, अगस्त्यमुनि नगर पंचायत के कार्यकर्ताओं की बैठक कर संभावित उम्मीदवारों के संबंध में चर्चा की।

नगर पंचायत तिलवाड़ा की बैठक कल (आज) होगी। रुद्रप्रयाग नगर पालिका से संभावित दावेदारों में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिला महामंत्री अजय सेमवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष राकेश नौटियाल, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित रतूड़ी के नाम सामने आए। जबकि ऊखीमठ नगर पंचायत में विजय राणा, उर्मिला नेगी, चन्द्रमोहन उखियाल ने अपनी दावेदारी पेश की है। अगस्त्यमुनि नगर पंचायत में वर्तमान अध्यक्ष अशोक खत्री, जिला महामंत्री अनूप सेमवाल, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख रमेश बेंजवाल, हर्षवर्द्धन बेंजवाल, श्रीमोहन नैथानी, आशीष नेगी ने भी अपनी दावेदारी पेश की। महिला सीट होने पर पूर्व राज्य मंत्री बीना बिष्ट के नामों पर भी चर्चा हुई। अनुसूचित जाति महिला होने पर उमा रानी आर्य और अनुसूचित पुरूष होने पर पूर्व प्रधान बलवीर लाल के नामों पर भी चर्चा की गई।

स्थानीय निकाय चुनाव में अभी तक आरक्षण तय न होने पर भाजपा पर्यवेक्षकों ने ऐसी परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं से सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति के संभावित दावेदारों पर भी चर्चा की और सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति के तीन-तीन लोगों के पैनल तैयार करने को कहा। भाजपा अनुशासन समिति की प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी ने कहा कि जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ताओं को नगर निकाय चुनाव में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं ईमानदार छवि के कार्यकर्ता पर भी पार्टी का फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि दावेदारी करने का अधिकार सभी को है। कोई भी कार्यकर्ता अपनी दावेदारी कर सकता है। लेकिन कार्यकर्ताओं की भावनाओं को सर्वाेच्च रखा जाएगा। श्री नेगी ने कहा कि अभी स्थानीय निकाय में आरक्षण तय नहीं हुआ है और जैसे ही आरक्षण तय हो जाएगा तो जिताऊ प्रत्याशी पर ही दांव लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी अधिकृत करेगी, सबको टीम भावना के रूप में कार्य कर विजयी दिलानी है। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी का फैसला सर्वमान्य होगा और निकाय चुनाव में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अधिकृत प्रत्याशी के लिए कार्य करेंगे। इस मौके पर रायशुमारी में कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top