उत्तराखंड

सल्ट उपचुनाव 2021: आज हो सकती है प्रत्याशी के नाम की घोषणा..

सल्ट उपचुनाव 2021: आज हो सकती है प्रत्याशी के नाम की घोषणा..

उत्तराखंड: भाजपा मंगलवार दोपहर तक सल्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है। आज नई दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें भेजे गए पैनल पर विचार होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार कोर कमेटी की बैठक में विचार के बाद छह नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर तक प्रत्याशी का नाम घोषित होने की पूरी संभावना है। पार्टी ने पैनल में पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना, गिरीश कोटनाला, प्रताप सिंह रावत,दिनेश मेहरा, डॉ.यशपाल सिंह रावत व राधा रमण के नाम भेजे हैं।

 

सल्ट उपचुनाव में कांग्रेस इस बार कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के बेटे विक्रम रावत पर दाव खेल सकती है। हालांकि, विधानसभा चुनाव 2017 की प्रत्याशी गंगा पंचोली के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। कांग्रेस की ओर से सल्ट उपचुनाव के लिए दो नामों का पैनल हाईकमान को सौंप दिया गया है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस उपचुनाव में भाजपा को आसानी से वाकओवर देने के मूड में नहीं है। इसी स्थिति को देखते हुए पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के बेटे विक्रम सिंह रावत पर दाव खेला जा सकता है। विक्रम रावत इस समय पंचायतों के जरिये राजनीति में सक्रिय हैं और टिकट के लिए लंबे समय से कोशिश भी कर रहे हैं। खुद रणजीत सिंह रावत की पैरवी होने के कारण विक्रम का दावा मजबूत माना जा रहा है।

 

दूसरी ओर, विधानसभा चुनाव 2017 में रनरअप रहीं गंगा पंचोली की दावेदारी पर भी विचार किया जा रहा है। गंगा पंचोली ने विधानसभा चुनाव में उस समय के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह जीना को कड़ी टक्कर दी थी। गंगा पंचोली के उस समय के प्रदर्शन का भी आकलन किया जा रहा है।

 

कांग्रेस पूरे दमखम से लड़ेगी सल्ट का उपचुनाव..

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को हुई बैठक में सल्ट उपचुनाव को पूरी शिद्दत से लड़ना तय किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी सहित अन्य नेताओं ने सल्ट उपचुनाव की रणनीति पर विचार किया। कहा गया कि उपचुनाव का परिणाम आगे आने वाले विधानसभा चुनाव को भी प्रभावित कर सकते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top