उत्तराखंड

भाजपा ने जिपंअ पद के उप चुनाव में अमरदेई शाह पर जताया भरोसा..

भाजपा ने जिपंअ पद के उप चुनाव में अमरदेई शाह पर जताया भरोसा..

20 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष का होना है उप चुनाव..

ढाई माह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ आया था अविश्वास प्रस्ताव..

14 जिला पंचायत सदस्यों ने अध्यक्ष के खिलाफ खोला था मोर्चा..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उप चुनाव के लिए दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र भरा। भाजपा प्रत्याशी के तौर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने नामांकन भरा। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर ज्योति सुमरियाल ने अपना नामांकन पत्र भरा। ऐसे में अब रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष पद उप चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस व बीजेपी में सीधी टक्कर दिख रही है। आज नामांकन होने के बाद अब 18 अक्टूबर को प्रत्याशी नाम वापसी कर सकेंगे। वहीं 20 अक्टूबर को मतदान व मतगणना की जाएगी।

बता दें कि रुद्रप्रयाग में भाजपा से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह के खिलाफ 18 सदस्यों में 14 सदस्यों ने जून माह में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसमें बीते 2 जुलाई को हुए फ्लोर टेस्ट में वो हार गई थी। जिसके बाद नियमानुसार जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन्त तिवारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। अध्यक्ष के हटने पर छः माह तक उपाध्यक्ष को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

ढाई माह के भीतर ही राज्य निर्वाचन आयोग ने रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर उप चुनाव की अधिसूचना जारी की, जिसके बाद सोमवार को नामांकन किया गया। भाजपा ने पुनः पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह पर भरोसा जताया है तो कांग्रेस ने ज्योति सुमरियाल को मैदान में खड़ा किया है। ढ़ाई महीने पहले रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को बचाने में नाकाम साबित हुई भाजपा ने दोबारा से उसी महिला को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिये अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जिसके खिलाफ जिला पंचायत सदस्य अविश्वास प्रस्ताव लाये थे।

18 सदस्यों वाली जिला पंचायत रुद्रप्रयाग के 14 सदस्य विगत ढाई माह पूर्व रुद्रप्रयाग की जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाये थे। फ्लोर टेस्ट से ठीक एक दिन पहले जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

रुद्रप्रयाग जनपद की दोनों विधानसभाओं पर भाजपा के ही विधायक हैं, जबकि सात जिला पंचायत सदस्य भी भाजपा के पास हैं, लेकिन जब जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया तो भाजपा के दोनों विधानसभाओं के विधायक जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी बचाने में नाकामयाब साबित हुए थे। उस समय अध्यक्ष पर केदारनाथ आपदा सहित अन्य कार्यों में भ्रष्टाचार करने के आरोप लगा थे।

अब एक बार फिर से रुद्रप्रयाग में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उप चुनाव को लेकर जंग छिड़ गई है। भाजपा और कांग्रेस सीधे तौर पर मैदान में है। कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति सुमरियाल ने कहा कि उनकी जीत निश्चित है। उनके पास पूर्ण समर्थन है।

जो 14 सदस्य अविश्वास प्रस्ताव लाए थे, वे सभी बीस अक्टूबर को उन्हें मतदान करेंगे। रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। कांग्रेस के पास जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन नहीं है। वहीं भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी अमरदेई शाह ने कहा कि पार्टी ने उन पर दोबारा से विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि वे पूर्ण रूप से आश्वास्त हैं कि उनकी जीत होगी। भाजपा के साथ ही अन्य जिला पंचायत सदस्यों का भी उनको समर्थन है।

सही पाए गये दोनों नामांकन

रुद्रप्रयाग में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र सोमवार को दाखिल करने के दिन जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के समक्ष विकास भवन सभागार में दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिसमें जिला पंचायत वार्ड नंबर आठ बजीरा से अमरदेई पत्नी कुलदीप सिंह ग्राम गोर्ती विकासखंड जखोली तथा वार्ड नबंर नौ से ज्योति सुमरियाल पत्नी मनोज कुमार ग्राम सुमाड़ी ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना कार्यक्रम के तहत दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई, जो सही पाए गए। नाम वापसी के लिए मंगलवार को दोपहर तीन बजे तक का समय दिया गया है। वहीं 20 अक्टूबर गुरुवार को सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

ये सदस्य लाए थे अविश्वास प्रस्ताव

बबिता सजवाण, गणेश तिवारी, विनोद राणा, कुलदीप कंडारी, नरेन्द्र बिष्ट, ज्योति सुमरियाल, सुमंत तिवारी, रीना बिष्ट, सुमन नेगी, मंजू सेमवाल, सविता भंडारी, भूपेन्द्र लाल, कुसुम देवी, रेखा चौहान।

ये रहे भाजपा प्रत्याशी के साथ

शीला रावत, भारतभूषण भट्ट, सुनिता बत्र्वाल और स्वयं अमरदेई शाह

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top