उत्तराखंड

केदारनाथ हाईवे के नैल में मलबा आने से मार्ग 12 घंटे रहा बंद..

भूस्खलन के कारण हाईवे के फाटा के पास गिरा सरकारी भवन का हिस्सा..

भूस्खलन के चलते केदारनाथ हाईवे जगह-जगह हो रहा बाधित..

रुद्रप्रयाग:  दो दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश भले ही अब थम गई है, लेकिन मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। केदारनाथ हाईवे की कच्ची पहाड़ियां जगह-जगह दरक रही हैं। केदारनाथ हाईवे पर शुक्रवार सुबह से ही जगह-जगह जाम लग गया। रुद्रप्रयाग के निकट नैल के पास हाईवे पर भारी भरकम पहाड़ी टूटकर आ गयी, जिससे दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लग गया। इसके अलावा फाटा सहित अन्य स्थानों पर भी हाईवे बन्द रहा। केदारनाथ हाईवे के नैल में भारी मलबा आने से दोनों ओर से लोग फंसे रहे।

 

जिला प्रशासन की नाकामियों के चलते जनता परेशान रही। प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत नहीं किया गया है। साथ ही संबंधित विभागों को भी अलर्ट नहीं किया गया है। शुक्रवार सुबह राजमार्ग के पांच बजे बंद होने के बाद राजमार्ग पर आये मलबे को हटाने का कार्य नौ बजे शुरू किया गया और राजमार्ग से मलबा हटाने में विभाग को 12 घंटे का समय लग गया। वहीं दूसरी ओर पहाड़ों में आफत की बारिश के बाद लोगों की परेशानियां भी बढ़ गयी हैं। बारिश के कारण आम जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

 

जगह-जगह नदी नाले भी उफान पर बह रहे हैं। केदारनाथ धाम से आने वाले मंदाकिनी नदी ने भी विकराल रूप धारण कर दिया है, जिससे मंदाकिनी के किनारे बसे लोगों में दहशत का माहौल है। रुद्र्रप्रयाग नगर क्षेत्र के बेलणी में पुश्ता ढहने से एक दर्जन मकानों को खतरा बना हुआ है। यहां पर प्रशासन की ओर से तिरपाल डालकर लोगों को सुरक्षित किया गया है, जबकि मार्ग पर आये मलबे को साफ किया गया है। इसके अलावा कई जगहों पर मलबा आने पर सफाई की जा रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top