उत्तराखंड

भाजपा सरकार में हर वर्ग का व्यक्ति परेशान: सुश्री राणा..

कांग्रेस पार्टी का ग्रामीण इलाकों में तीन दिवसीय कार्यक्रम संपंन..

प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को झंडे व पंपलेट किए वितरित..

गांधी जी के आदर्शो को जीवन में उतारने का आह्वान..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के अंतर्गत जखोली ब्लाॅक के विभिन्न गांवों में कांग्रेसियों ने रात्रि प्रवास कर लोगों को कांग्रेस की विचारधारा समेत कई जानकारियां दी। साथ ही राजनीति में गांधी के महत्व पर प्रकाश डाला। कांग्रेस कार्यकर्ता ने गांवों में प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को झंडे व पंपलेट भी वितरित किए।
कांग्रेस पार्टी के तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत विकासखंड जखोली के ग्राम मेहर गांव, धान्यौं, कोटी, त्यूंखर, नौसारी गांव में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की विचारधारा से जनता को रूबरू कराया।

 

महात्मा गांधी के आदर्शों और उनके द्वारा किए गए भारतवर्ष के लिए अमूल्य आंदोलनों की जानकारी दी गई। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सुश्री लक्ष्मी राणा ने बताया कि गांधी जी ने किस प्रकार से इस देश को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया। उस पर चर्चा करते हुए उन्हें याद किया गया। गांवों में कांग्रेस विचारधारा को लेकर भी जनता में जागरूकता फैलाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव में प्रवास कर महिला, बुजुर्गों एवं युवाओं को जानकारी दी, जिसके बाद सभी ने गांधी के आदर्शों और कांग्रेस विचारधारा को अपनाने में सहयोग करने की बात कही।

 

सुश्री राणा ने पूर्व सैनिकों एवं बुजुर्गों को शॉल सम्मान सहित भेंट किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही हर वर्ग का विकास करने में सक्षम है। भाजपा सरकार में गरीब वर्ग का नुकसान हुआ है। महंगाई चरम सीमा पर है। बेरोजगार सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता का विकास नहीं, बल्कि उनके कार्यकर्ताओं का ज्यादा विकास हुआ है। आज हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है।

 

कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देकर प्रदेश का चहुंमुखी विकास में साथ दें। कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष डाॅ जीतराम ने अगस्त्यमुनि ब्लाॅक के नाकोट, कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी राणा ने जखोली ब्लाॅक के त्यूंखर, नौसारी एवं महरगांव, विधायक मनोज रावत ने न्याय पंचायत मनसूना के राऊलैंक में रात्रि प्रवास कर कांग्रेस विचार धारा की जानकारी दी।

 

इस दौरान महात्मा गांधी के आदर्श पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला मंत्री नरेन्द्र चौहान, जिला महामंत्री भाई चैन सिंह पंवार, भानु प्रकाश मंमगाई, कालीचरण रावत, राजेन्द्र रावत, गम्भीर सिंह, लखपत सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top