उत्तराखंड

टनकपुर-बागेश्वर ब्रॉडगेज रेल लाइन की संस्तुति के लिए सीएम धामी ने किया रक्षा मंत्री से अनुरोध..

टनकपुर-बागेश्वर ब्रॉडगेज रेल लाइन की संस्तुति के लिए सीएम धामी ने किया रक्षा मंत्री से अनुरोध..

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से सामरिक महत्व को देखते हुए टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन ब्रॉडगेज (बीजी) की स्वीकृति के लिये रक्षा मंत्रालय के स्तर से भी संस्तुति करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने जखोली, रुद्रप्रयाग में स्वीकृत सैनिक स्कूल की अवस्थापना सुविधाओं के लिए एमओयू में संशोधन करते हुए केंद्रीय सहायता का भी अनुरोध किया।

लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के लिए जल्द मिलेगी 4673 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति..

मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में  केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से भी शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की भारत सरकार से वित्तीय स्वीकृति प्रदान करवाने और किसाऊ परियोजना का संशोधित एमओयू किए जाने का अनुरोध किया। इस पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री का कहना हैं कि परियोजना के लिए भारत सरकार से जल्द वित्तीय स्वीकृति दी जाएगी। किसाऊ परियोजना पर संबंधित राज्यों की संयुक्त बैठक की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने किसाऊ परियोजना के संशोधित एमओयू के लिये भी आश्वस्त किया है। यह भी निर्णय लिया गया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड में जल जीवन मिशन की जल्द ही संयुक्त समीक्षा करेंगे।

 

आपको बता दे कि जल संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की तकनीकी स्वीकृति दिनांक 03 जनवरी, 2013 तथा निवेश स्वीकृति 2016 में निर्गत की गयी थी। भारत सरकार द्वारा निर्गत निवेश स्वीकृति के अन्तर्गत परियोजना की कुल अनुमानित लागत 5747.17 करोड़ में से जल घटक रुपये 4673.01 करोड का वित्त पोषण भारत सरकार द्वारा 90:10 के अनुपात में किया जाना है। शेष 1074.00 करोड़ रुपये जो कि ऊर्जा घटक है का वित्त पोषण उत्तराखंड सरकार द्वारा किया जाएगा।

 

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से भी भेंट की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल से भेंट में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के परिप्रेक्ष्य में उत्तराखंड की भूमिका और इस विषय से जुड़ी चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top