उत्तराखंड

भगत की गलती पर सीएम ने मांगी इंदिरा से माफ़ी..

भगत की गलती पर सीएम ने मांगी इंदिरा से माफ़ी..

उत्तराखंड: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बंशीधर भगत के नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ दिए बयान पर बवाल मच गया है। यूथ कांग्रेस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका और सार्वजनिक मंच से माफी मांगने की मांग की है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी इसकी निंदा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मंगलवार को अपने भीमताल दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ऐसी बात कह दी कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी की ओर से माफी मांगनी पड़ गई।

इंदिरा के इस बयान पर कि कुछ भाजपा विधायक उनके संपर्क में हैं, भगत ने कहा कि भाजपा का कोई विधायक या मंत्री कांग्रेस के संपर्क में नहीं है। उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि नेता प्रतिपक्ष अपने बेटे के साथ भाजपा में शामिल हो जाएं लेकिन उनके (भगत के) रहते हुए वह भाजपा में शामिल नहीं हो पाएंगी।

 

 

वायरल हुए एक वीडियो में भगत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि वृद्ध नेता प्रतिपक्ष के संपर्क में अब कौन आएगा। डूबते जहाज के संपर्क में कौन आता है?

भगत के इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं आने लग गईं। मामला अभी-अभी स्वस्थ होकर लौटे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के संज्ञान में आया तो उन्होंने ट्वीट के जरिये बयान से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश की। उन्होंने ट्वीट कर भगत के बयान पर दु:ख जताया और व्यक्तिगत रूप से क्षमा मांगी।

 

 

मंगलवार को भीमताल के डीसीएफआर के सभागार में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे बंशीधर भगत ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। कहा कि लोगों को गुमराह करना कांग्रेस के डीएनए में है। इससे पहले बंशीधर भगत ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम किया जा रहा है।

यह मातृ शक्ति का अपमान है: इंदिरा..

मुझे यह जानकारी मिली है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मेरे लिए अमर्यादित और अशिष्ट भाषा का प्रयोग किया है। इससे मुझे बहुत दुख और कष्ट हुआ है। किसी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष पूरी पार्टी का प्रतीक होता है और प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश अध्यक्ष अगर इस तरह की भाषा का प्रयोग करे तो यह उत्तराखंड नहीं पूरे देश में माताओं और बहनों का अपमान है। भारतीय संस्कृति का दावा करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस तरह से नारी शक्ति का अपमान किया है उसे देश, पहाड़ और उत्तराखंड की नारी बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

 

मैं दु:खी हूं, क्षमा चाहता हूं, आपसे व्यक्तिगत बात करूंगा- सीएम..

आदरणीय इंदिरा हृदयेश बहन जी, आज मैं अति दुखी हूं। महिलाएं हमारे लिए अति सम्मानित व पूज्या हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपसे व उन सभी से क्षमा चाहता हूं जो मेरी तरह दुखी हैं। मैं कल आपसे व्यक्तिगत बात करूंगा और पुन: क्षमा याचना करूंगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top