उत्तराखंड

पहाड़ी महिलाएं होती हैं पहाड़ जैसी मजबूत: अमरदेई..

पहाड़ी महिलाएं होती हैं पहाड़ जैसी मजबूत: अमरदेई..

उत्कृष्ट कार्य करने वाली 27 महिला कार्मिकों को किया सम्मानित..

बाल विकास विभाग ने किया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन..

बिना महिलाओं की सहभागिता के समाज का निर्माण होना असंभव: प्रज्ञा..

 

 

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुलाबराय स्थित ज्वाल्पा पैलेस में बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 27 महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली की बधाई देते हुए कहा कि पहाड़ की महिला भी पहाड़ जैसी ही मजबूत होती हैं। प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिस कारण आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने नारी पर आधारित कविता मैं ही तो नारी हूं कविता का पाठ भी किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजसेविका प्रज्ञा दीक्षित ने कहा कि महिला से ही जीवन का आरंभ होता है तथा बिना महिलाओं की सहभागिता के समाज का निर्माण होना असंभव है। कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाल विवाह को रोकने में महत्वूर्ण भूमिका देने पर या उसकी सूचना उपलब्ध कराने वालों को पुरस्कृत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वैसे तो हर वर्ष अंतराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को मनाया जाता है, लेकिन इस बार होली के कारण पहले ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।

अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही व बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की जनपद ब्रांड एंबेसडर प्रीति नेगी ने कहा कि स्त्री में हर स्थिति में सामंजस्य बिठाने की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का हर हाल में सम्मान होना चाहिए। बाल कल्याण समिति की सदस्य अनसुया पटवाल ने 0 से 18 वर्ष तक के कमजोर, निराश्रित व बाल श्रम को रोकने के लिए किए जा रहे जागरुक कार्यक्रमों व योजनाओं की जानकारी दी।

आंगनवाड़ी कार्यकत्री गायत्री जगवाण ने महिला जीवन पर आधारित मार्मिक गीत गाया। इसके साथ ही कमला रावत व संगीता कप्रवान ने भी कविता के माध्यम से महिला जीवन पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व मुख्य अतिथियों ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ अखिलेश मिश्र, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक आपरेशन हर्षवर्धनी सुमन, क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्य, बाल विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि शैली प्रजापति, जखोली हिमांशु बडोला, रंजना गैरोला सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं अन्य मौजूद रहे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top