उत्तराखंड

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने रोकी यात्रा..

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने रोकी यात्रा..

सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटरमार्ग पर आया मलबा, मौसम खुलने पर ही आज शुरू होगी यात्रा..

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद शुक्रवार को केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा को रोक दिया गया। केदारनाथ यात्रा मार्ग के सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच भारी मात्रा में मलबा भी आ गया, जिस कारण यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड में रोका गया। मौसम खुलने और यात्रा मार्ग पर आये मलबे को साफ करने के बाद ही आज से यात्रा शुरू हो पायेगी। यहां यात्री जगह-जगह मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतवानी जारी की है। मौसम विभाग की चेतवानी सच भी साबित हो रही है। केदारनाथ धाम में दो दिनों से रुक-रुककर बारिश जारी है, जिसके बाद केदारनाथ यात्रा को शुक्रवार सुबह रोका गया। इसके अलावा केदारनाथ यात्रा के सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिसे साफ कर दिया गया है। इसके अलावा पैदल मार्ग पर गदेरे भी उफान पर आए हुए हैं। ऐसे में प्रशासन कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। पैदल जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुण्ड में रोका गया है। प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं करना चाहता है, जिस कारण यात्रा रोकी गई है।

हजारों यात्री यात्रा खुलने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम पैक होने के बाद धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाएं भी उड़ाने नहीं भर पा रही हैं। यहां भी यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैदल मार्ग सहित धाम में एसडीआरएफ, पुलिस और डीडीआरएफ के जवान तैनात हैं। यात्रियों के अलावा प्रशासन को भी मौसम खुलने इंतजार है। मौसम खुलने के बाद ही आज केदारनाथ यात्रा शुरू की जायेगी। यदि आज भी मौसम खराब रहता है तो यात्रा आज भी बंद रहेगी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम खराब होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत शुक्रवार को यात्रा बंद की गई। आज मौसम साफ होने के बाद ही यात्रा शुरू हो पायेगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कहा कि मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से भारी बारिश होने के कारण रेड अलर्ट घोषित किया है। रेड अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत केदारनाथ यात्रा को रोका गया है। साथ ही केदारनाथ धाम सहित बीच के पड़ावों पर धाम के दर्शन कर चुके यात्रियों को नीचे सोनप्रयाग भेजा जा रहा है। उन्होंने केदारनाथ धाम की यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से अपील की कि जो भी यात्री सोनप्रयाग से नीचे जहां पर हैं। फिलहाल उसी क्षेत्र में होटलों में जाकर विश्राम कर लें। आज मौसम खुलने की परिस्थितियों को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को पुनः प्रारम्भ किये जाने पर विचार किया जायेगा।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top