नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के प्रधानमंत्री कायार्लय तक मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 5 स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक पटेल चौक, केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और जनपथ मेट्रो स्टेशन दो बजे के बाद बंद कर दिए गए हैं। लोक कल्याण मार्ग स्टेशन पहले से ही 12 बजे से बंद है।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की सलाह के अनुसार, लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन को 12 बजे यात्रियों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था। इसके अलावा पटेल चौक , केन्द्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और जनपथ स्टेशनों को भी दो बजे के बाद बंद करने का निर्णय लिया गया है। ये स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे और इनसे यात्रियों का आवागमन नहीं होगा। हालांकि यात्री येलो लाइन के लिए केन्द्रीय सचिवालय पर मेट्रो बदल सकेंगे। अन्य लाइनों पर सेवाएं सामान्य रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की हड़ताल के विरोध में आम आदमी पार्टी आज मंडी हाउस से प्रधानमंत्री कायार्लय तक मार्च निकाल रही है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लुटियन जोन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं और कुछ क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी है।