बागेश्वर में जंगल में शिकार करने गए युवक की गोली लगने से मौत..
उत्तराखंड: बागेश्वर के कांडा क्षेत्र में जंगल में शिकार करने गए युवक की गोली लगने से मौत हो गई। साथ गए दो युवक पुलिस को गोलमोल जवाब दे रहे हैं। उनका कहना है कि बंदूक से अचानक गोली चल गई, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बंदूक कब्जे में ले ली है, जो गांव के किसी अन्य व्यक्ति की बताई जा रही है। साथ ही बंदूक के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे कांडा के धपोलासेरा गांव निवासी रवींद्र सिंह (35) पुत्र हयात सिंह अपने दो साथियों कांडा निवासी संजय नगरकोटी (39) पुत्र नंदन सिंह नगरकोटी और भदौरा निवासी पवन धपोला (33) पुत्र सुरेंद्र सिंह धपोला के साथ कपूरी के जंगल में शिकार करने गया था। तीनों गांव के एक व्यक्ति की लाइसेंसी बंदूक ले गए थे। संदिग्ध हालात में बंदूक से चली गोली रवींद्र सिंह को जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
संजय और पवन ने घटना की जानकारी रात में ही मृतक के गांव के लोगों को दे दी थी। गांव के लोग रात में ही जंगल पहुंच गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर कांडा थाने से प्रभारी थानाध्यक्ष खुशवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची। प्रभारी थानाध्यक्ष का कहना हैं कि संजय नगरकोटी और पवन धपोला ने शिकार के लिए जंगल जाने की बात कबूल की है। दोनों का कहना है कि अचानक बंदूक की गोली चलने से रवींद्र की मौत हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय लाया गया। पुलिस का कहना हैं कि गोली कैसे चली इसका पता जांच पड़ताल के बाद ही चलेगा।
रवींद्र सिंह की मौत के मामले में साथ में शिकार के लिए गए दोनों युवकों पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार सोमवार को कांडा थाने में तहरीर दी जाएगी। जंगली जानवरों का शिकार करना प्रतिबंधित है। जंगल में बंदूक के साथ शिकार के लिए जाने के मामले में भी इन लोगों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
जंगल में शिकार करने के लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के भाई के लौटने का इंतजार किया जा रहा है। संभवतया वह इस मामले में सोमवार को तहरीर देंगे। जिसके बाद ही इस मामले में अगला कदम उठाया जाएगा। सक्षम धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बंदूक गांव के ही किसी व्यक्ति की है, वह बाहर रहता है। लाइसेंसी हथियार लापरवाही से रखने की बात सामने आ रही है। बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की भी कार्रवाई की जाएगी।