Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

हरिद्वार में पॉड टैक्सी चलाने का रास्ता साफ, धामी कैबिनेट ने दी परियोजना को मंजूरी..

हरिद्वार में पॉड टैक्सी चलाने का रास्ता साफ, धामी कैबिनेट ने दी परियोजना को मंजूरी..

 

उत्तराखंड: धर्मनगरी हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पॉड टैक्सी परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) सिस्टम आधारित ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना के लागू होने से शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और आवासीय इलाकों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत कुल 21.08 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस पूरे नेटवर्क में 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पॉड टैक्सी के संचालन के लिए तीन अलग-अलग रूट तैयार किए गए हैं, जो शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आपस में जोड़ेंगे। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 15.58 किलोमीटर होगी और इस मार्ग पर 15 स्टेशन होंगे। दूसरा रूट सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक प्रस्तावित है, जो 3.10 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर चार स्टेशन बनाए जाएंगे। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक होगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर और इसमें दो स्टेशन प्रस्तावित हैं।

7 हेक्टेयर से अधिक भूमि की होगी जरूरत
पीआरटी परियोजना के निर्माण और संचालन से जुड़े कार्यों के लिए करीब 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अतिरिक्त सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के नजदीक दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी चिह्नित की गई है। इस भूमि का इस्तेमाल निर्माण सामग्री रखने, भारी मशीनों की आवाजाही और अन्य तकनीकी गतिविधियों के लिए किया जाएगा। इसका उपयोग पांच साल तक प्रस्तावित है।

श्रद्धालुओं को जाम से मिलेगी राहत
हरिद्वार में पर्व और धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। खासकर प्रमुख मंदिरों और गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की समस्या बनी रहती है। पॉड टैक्सी परियोजना से शहर की परिवहन व्यवस्था को नया विकल्प मिलने की उम्मीद है। योजना पूरी होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आधुनिक परिवहन प्रणाली से सड़क यातायात का दबाव और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।

 

 

 

To Top