Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का ब्योरा नहीं देने वाले 250 विभागों पर FIR की तैयारी..

चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का ब्योरा नहीं देने वाले 250 विभागों पर FIR की तैयारी..

 

 

उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी सरकारी विभागों से कार्मिकों का विवरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई विभागों ने अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अध्यक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। कर्मचारियों का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, जिला प्रशासन की ओर से केंद्र और राज्य सरकार के सभी विभागों, कार्यालयों और संस्थानों को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों की विस्तृत जानकारी निर्धारित प्रारूप में भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए समय सीमा भी तय की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विभागों ने जानकारी नहीं भेजी। वहीं, कुछ विभागों की ओर से भेजा गया विवरण भी अधूरा पाया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के अनुसार, जिले में करीब 500 विभागों ने ही कर्मचारियों का ब्योरा उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभागों ने अभी तक जानकारी नहीं भेजी है। कई विभागों की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में भी जरूरी जानकारियां गायब हैं।

चुनाव के लिए चाहिए करीब 23 हजार कर्मचारी
आगामी विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन को रिजर्व कर्मचारियों सहित लगभग 23 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसके सापेक्ष अभी तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का ही विवरण प्राप्त हुआ है। कर्मचारियों की अधूरी जानकारी के कारण चुनाव ड्यूटी के लिए जरूरी मानव संसाधन का आकलन करने में प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को तत्काल कर्मचारियों की अद्यतन और पूरी सूची निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि विभागाध्यक्ष स्वयं इस प्रक्रिया की निगरानी करें, ताकि किसी प्रकार की गलत या अधूरी जानकारी न भेजी जाए।

लापरवाही पर दर्ज होगा मुकदमा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने साफ कर दिया है कि चुनाव से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को जिम्मेदारी से बचने नहीं दिया जाएगा। तय समय के भीतर कर्मचारियों का पूरा विवरण नहीं देने वाले विभागों के अध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर चुनाव से पहले पर्याप्त कर्मचारियों का डाटा जुटाने और मतदान संबंधी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर है।

 

 

To Top