Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

गंगा में मछलियों की आबादी बढ़ाने की पहल, सीएम धामी ने छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज..

गंगा में मछलियों की आबादी बढ़ाने की पहल, सीएम धामी ने छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज..

 

 

उत्तराखंड: गंगा में जलीय जीवों के संरक्षण और मछलियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से हरिद्वार में विशेष अभियान चलाया गया। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अमरापुर घाट पहुंचकर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज छोड़े। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के साथ जलीय जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि गंगा नदी का महत्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण एवं जलीय जीवन के लिहाज से भी बेहद अहम है। गंगा में पाए जाने वाले विभिन्न जलीय जीव और मछलियों की प्रजातियां नदी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना और उसकी प्राकृतिक धारा एवं जैव विविधता को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार के प्रयासों के साथ आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है।

मत्स्य बीज छोड़ने से जलीय जैव विविधता को मिलेगा बढ़ावा
सीएम ने कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीज छोड़ना जलीय संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मछलियों की आबादी को बढ़ाने और नदी के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही मत्स्य पालन और इससे जुड़े आजीविका के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है।

नदियों को स्वच्छ रखने में जनता की भागीदारी जरूरी
सीएम धामी ने लोगों से अपील की कि वे गंगा सहित प्रदेश की अन्य नदियों को प्रदूषण से बचाने में अपनी भूमिका निभाएं। नदी में कूड़ा-कचरा न डालें और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। सरकार और समाज के साझा प्रयासों से ही नदियों को स्वच्छ और उनके प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखा जा सकता है।

प्रशासन और मत्स्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

To Top