पहाड़ी सड़कों पर काल बनकर दौड़े वाहन, तीन दुर्घटनाओं में 14 लोगों की गई जान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इन दुर्घटनाओं में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं। कहीं शादी समारोह से लौट रहा वाहन खाई में जा गिरा तो कहीं यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में गिर गई। लगातार हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रहे लोगों का वाहन खाई में गिरा, चार की मौत
पहला हादसा रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर कंडारा के पास पोखरी में सोमवार देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि छह घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। सभी रांसी और आसपास के क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56) को सामान्य चोटें आई हैं। वहीं लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
टिहरी के बांसकाटल में वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
दूसरी दुर्घटना टिहरी जिले की दोगी पट्टी के बांसकाटल में सोमवार रात करीब 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, शादी समारोह का सामान छोड़कर लौट रहा एक वाहन रास्ते में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में वीर सिंह (50) की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान सूरत सिंह, रॉबिन सिंह, भरत सिंह, राहुल सिंह, किशन सिंह, राकेश सिंह और आयुष सिंह के रूप में हुई है। सभी दोगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गूलर में पुल से 100 मीटर नीचे गिरी बस, नौ यात्रियों की मौत
तीसरा और सबसे भीषण हादसा मंगलवार तड़के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी जिले के गूलर के पास हुआ। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्रियों को निकालने के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिले की एसएसपी श्वेता चौबे भी घटनास्थल पर मौजूद रहीं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
प्रदेश में एक ही रात और सुबह हुए तीन सड़क हादसों पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे के गूलर, रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी के बांसकाटल में हुई दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर शोक जताया। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। साथ ही हादसों में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए भी कहा है। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, वाहन चालकों की सतर्कता और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

